- किसान कल्याण मिशन के तहत होगा आयोजन
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: किसान कल्याण एवं किसान की आमदनी दोगुना करने के लिए विशेष अभियान किसान कल्याण मिशन के रूप में चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आगामी 22 जनवरी को ब्लॉक थानाभवन पर कृषि मेला एवं कृषि प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि आगामी 22 जनवरी को प्रात:11 बजे विकास खंड थानाभवन में आयोजित होने वाले किसान कल्याण मिशन कार्यक्रम में प्रदेश के गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा मुख्य अतिथि होंगे। विकास खंड स्तर पर किसान कल्याण मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में कृषि मेला एवं कृषि प्रदर्शनी में कृषि कल्याण से संबंधित विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूकता गोष्ठी के साथ-साथ किसानों के कल्याण से जुडे कार्यक्रमों के बारे में कृषकों को जानकारी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में कृषि विभाग के साथ-साथ उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई विभाग, लघु सिंचाई, नेडा, विद्युत, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, वन, बाल विकास एवं पुष्टाहार इत्यादि विभाग द्वारा अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं में देय सुविधाओं से संबंधित प्रदर्शनी/ स्टाल लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में कृषि एवं कृषि से संबंधित विशिष्ट कार्य करने वाले चयनित प्रगतिशील कृषकों को पुरस्कार/ प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

