जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: नगरपालिका में लंबित भुगतान ना होने पर नगर पालिका ठेकेदारों ने पालिका का काम ना करने का फैसला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आश्वासन के बावजूद अभी तक उनके बकाया का भुगतान नहीं किया गया है। इसके चलते वे आथिक तंगी का शिकार हो गए हैं।
नगर पालिका ठेकेदारो की एक बैठक मीटिंग कंपनी बाग में शुक्रवार को आयोजित की गई। इसमें नगरपालिका ठेकेदार नेता आदेश त्यागी ने बताया कि उनका जुलाई के महीने में नगर पालिका में धरना प्रदर्शन हुआ था।
इसके बाद नगरपालिका के रुके हुए पेमेंट को लेकर वार्ता में नगर पालिका प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया था कि जल्द ही ठेकेदारों का सारा बकाया भुगतान हो जाएगा।
इसके बावजूद अभी तक केवल 14 वे वित्त का ही भुगतान हुआ है। बाकी राज्य सरकार के गड्ढा मुक्त आदि कार्याे के भुगतान नहीं हुए हैं। दूसरी ओर नगरपालिका से एमबी की दो फाइलें गायब हो गई हैं, जो नगरपालिका प्रशासन को नहीं मिल रही है। ठेकेदारों की इन्हीं फाइलों से पेमेंट मिलता है।
इसका बहाना बनाकर नगर पालिका प्रशासन बकाया भुगतान नहीं कर रहा है। आदेश त्यागी ने बताया कि भुगतान के चेको पर नगरपालिका चेयरमैन ओर अधिशासी अधिकारी के हस्ताक्षर होते हैं, मगर ये दोनों ही चेकों पर हस्ताक्षर नही कर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर नगर पालिका प्रशासन ठेकेदारों का बकाया भुगतान नहीं किया गया तो वे नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ धरने प्रदर्शन करेंगे और आगे नगरपालिका का कोई भी कार्य नहीं करेंगे । मीटिंग में दर्जनों की संख्या में नगर पालिका ठेकेदार सम्मिलित रहे।

