जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी इन दिनों सूबे के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर लगातार हमला बोल रहे हैं। मांझी तेजस्वी की ओर से सरकार पर किये जा रहे हर वार पर पलटवार कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को फिर एक बार उन्होंने नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधा है और उन्हें बिहार का ‘राहुल गांधी’ करार दिया है।
मांझी ने ट्वीट कर कही ये बात
पूर्व सीएम ने शनिवार को अपने एक आधिकारिक ट्वीट में कहा, ” जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का विरोध करते-करते विपक्षी पार्टियाँ देश का विरोध करने लगी हैं। ठीक उसी तरह बिहार में विपक्षी दल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी का विरोध करते-करते बिहार और बिहारियों के विरोध पर उतारू हो गई है। शर्मनाक, बिहार के राहुल गांधी।”
जिस तरह से आदरणीय प्रधानमंत्री.@narendramodi जी का विरोध करते-करते विपक्षी पार्टियाँ देश का विरोध करने लगी है,
ठीक उसी तरह बिहार में विपक्षी दल माननीय मुख्यमंत्री @NitishKumar जी का विरोध करते-करते बिहार और बिहारियों के विरोध पर उतारू हो गई है।
शर्मनाक…बिहार के राहुल गांधी…— Jitan Ram Manjhi (@jitanrmanjhi) February 6, 2021
पहले भी तेजस्वी पर कसा था तंज
बता दें कि इससे पहले मांझी ने रूपेश हत्याकांड के खुलासे को लेकर तेजस्वी द्वारा उठाए गए सवालों पर भी उन्हें घेरा था। मांझी ने तेजस्वी को फटकार लगाते हुए ट्वीट कर लिखा था कि बजट पर अर्थशास्त्री, ट्रैक्टर रैली पर किसान, बार्डर पर गोली चलने पर सेना विशेषज्ञ, रूपेश मामले का खुलासा होने पर जाँच अधिकारी बन जाते हो, ऐ नौंवी फेल विपक्ष आप एतना ज्ञान कहां से लाते हो?
वहीं, बिहार पुलिस पर सवाल उठाने वालों को तो जीतन राम मांझी ने ये तक कह दिया है कि जिन्हें बिहार पुलिस पर भरोसा नहीं है वो उनकी सुरक्षा भी लेना बंद कर दें।
सीबीआई जांच की कर रहे मांग
गौरतलब है कि जब से पुलिस ने रूपेश हत्याकांड का खुलासा किया है तब से एक नया विवाद शुरू हो गया है। विपक्ष के नेता लगातार पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए बिहार पुलिस और सीएम नीतीश पर निशाना साध रहे हैं। वहीं, इस मामले में सीबीआई से जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

