- गांव-गांव जाकर किसानों से किया जाएगा जनसंपर्क
जनवाणी संवाददाता |
शामली: दिल्ली में गाजीपुर बॉर्डर पर किसान आंदोलन को और तेज करने के लिए भाकियू के कार्यकर्ता गांव- गांव जाकर ग्रामीणों से जनसम्पर्क कर आंदोलन में भाग लेने का आह्वान करेंगे। शुक्रवार को भाकियू की बैठक देशपाल चेयरमैन की अध्यक्षता में शामली नगर अध्यक्ष योगेन्द्र पंवार के कार्यालय पर आयोजित की गई।
बैठक में भाकियू जिलाध्यक्ष कपिल खाटियान ने कहा कि पिछले तीन महीनों से किसान दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर और अन्य बॉर्डरों पर नए तीन कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग करते हुए आंदोलन कर रहे हैं। इन तीनों कृषि बिलों को लेकर किसानों का आंदोलन तीन माह से भी अधिक समय चल रहा है।
बैठक में वक्ताओं ने किसान आंदोलन को और तेज करने के लिए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर किसानों को एकजुट करने का आह्वान किया। साथ ही, अधिक से अधिक किसानों को गाजीपुर बॉर्डर पर धरना दे रहे किसानों का हौंसला बढ़ाने के लिए अपने- अपने संसाधनों से दिल्ली चलने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष देशपाल सिंह, दीपक शर्मा, अमरदीप लाटियान, तालिब, पप्पू पंवार, प्रदीप त्यागी, गयूर हसन, आमिर राव, चौधरी असलम, शाहबाज अंसारी, मुनव्वर हसन, कपिल खाटियान, अरविंद खोडसमा आदि मौजूद रहे।

