- भाकियू लोकशक्ति ने नगर में निकाली बाइक रैली
- मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद: भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने बाइक रैली निकालकर देश में किसानों व नौजवानों की समस्याओं से अवगत कराते हुए मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम बृजेश कुमार को सौंपा। ज्ञापन में मूल रूप से किसान विरोधी अध्यादेश वापस लेने की मांग की गई। वहीं कोरोना काल में स्कूलों के बंद होने के दौरान स्कूल व कालेजों की फीस माफ कराने की मांग की गई।
गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के कार्यकर्ता नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर प्राचीन श्री महाकाली मंदिर के निकट एकत्रित हुए। जहां भाकियू लोकशक्ति के ब्लाक अध्यक्ष नितिन लालेरा ने कहा कि वर्तमान में देश में नौजवान और किसान सर्वाधिक परेशान हैं।
सरकार को इनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान करने की आवश्यकता है। इस मौके पर युवा किसान जागरण बाइक रैली की अध्यक्षता कर रहे युवा जिलाध्यक्ष अर्पण चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव पदम सिंह सेहरावत, जिलाध्यक्ष चौधरी वीर सिंह ने भी रैली को संबोधित किया और रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया।
बाइक रैली नगर के मुख्यमार्ग से होते हुए तहसील परिसर पहुंचकर पूर्ण हुयी। जहां मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम बृजेश कुमार को सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि सरकार की ओर से लागू किए जा रहे तीन किसान विरोधी अध्यादेशों को वापस लिया जाए, कोरोना काल में स्कूलों के बंद रहने के दौरान की स्कूल व कालेजों की फीस माफ करायी जाए, जिले के सभी मुख्य स्थानों पर स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाए जाएं, बेरोजगारों युवाओं को रोजगार की व्यवस्था करायी जाए तथा किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान मय ब्याज के किया जाए। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। रैली में हिमांशु सहरावत, दीपांशु, शोभित चौधरी, अक्षय चौधरी, मनीष चौधरी आदि शामिल रहे।

