जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: संत विहार के सिपाही वाला मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को पीड़ित भानु प्रताप सिंह ने इस मामले की निष्पक्ष जांच करा कर आरोपी सिपाही के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा। पीड़ित का कहना था कि आरोपी के खिलाफ अभी तक कठोर कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्होंने इस मामले में आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
सन्तविहार कालोनी निवासी भानुप्रताप सिंह ने बताया कि प्रवीण त्यागी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर शामली में 112 पर तैनात हैं। दो सितंबर को प्रवीण त्यागी के भाई नवीन त्यागी, सविता, रमेश व मुकेश त्यागी ने लाठी-डंडों से पूनम पत्नी सुशील त्यागी के घर में घुसकर मारपीट कर दी थी। जब उसको बचाने के लिए भानु प्रताप और उसका बेटा हरि ओम गए तो उनके साथ भी मारपीट की गयी।
मामले में आरोपी पक्ष के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कंकरखेड़ा पुलिस ने कर लिया और घायल पूनम हरि ओम और भानु प्रताप सिंह को पुलिस मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लेकर गई। इसी दौरान पुलिस कांस्टेबल प्रवीण त्यागी ने अपने साथी नवीन त्यागी, सविता रेखा पत्नी रमेश, मुकेश त्यागी, प्रतीक त्यागी के साथ मेडिकल में पहुंच गए और जान से मारने की नीयत से पूनम और उसकी लड़की के साथ हमला कर दिया।
जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई थी। आरोप है कि प्रवीण त्यागी अधिकतर ड्यूटी पर न जाकर मेरठ में ही घूमता रहता है।
पुलिस ने इस मामले में अभी तक आरोपी के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा। देर शाम कंकरखेड़ा पुलिस आरोपी पुलिस कर्मचारी प्रवीण त्यागी को गिरफ्तार करने के लिए शामली और उसके घर के लिए रवाना हो गई थी।

