- आनन-फानन में किया दाह संस्कार, एसओ बोले, नशे में नहाने से हुई मौत
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: अधिक शराब पीने के चलते महलका में एक युवक की मौत हो गई। परिजनों ने मृतक के शव का आनन-फानन में बिना पोस्टमार्टम कराए दाह संस्कार कर दिया। स्थानीय पुलिस युवक की मौत नशे में नहाने के कारण हुई बता रही है।
जानकारी के मुताबिक त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की बयार में वोटरों को लुभाने के लिए गांव—गांव मधुशालाएं आबाद हो रही हैं। बताया गया है कि चुनाव घोषित होते ही यह सिलसिला बढ़ने लगा है। बताया गया है कि गांव महलका निवासी सौरभ पुत्र महेंद्र कई दिनों से निरंतर शराब पी रहा था। उसने रविवार को दोपहर भी जमकर शराब पी।
अधिक शराब पीने के कारण उसकी दोपहर के समय ही मौत हो गई। मृतक की आयु 20 वर्ष बताई गई है। बताया यह भी गया है कि परिजनों ने मृतक का पोस्टमार्टम नहीं कराया। मृतक का आनन-फानन में दाह संस्कार कर दिया गया। यह मामला गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस संबंध में थाना प्रभारी शिववीर भदौरिया का कहना है कि पुलिस को किसी ने घटना की सूचना नहीं दी। मीडिया के माध्यम से सूचना मिलने पर कराई गई जांच में सामने आया है कि युवक की मौत नशे में नहाते समय डूबने से हुई है।

