Sunday, February 15, 2026
- Advertisement -

तस्करों के सामने पुलिस व आबकारी का सिस्टम ‘फेल’

  • जनपद में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है पुलिस व आबकारी विभाग
  • दिल्ली व हरियाणा से होने वाली शराब की तस्करी को रोकने में फेल विभाग
  • बॉर्डर चौकियों से भी बेखौफ निकल जाती है शराब, पुलिस नहीं पकड़ पाती शराब

मुख्य संवाददाता |

बागपत: शराब पकड़ने के लिए अभियान तो खूब चलते हैं और शराब पकड़ी भी जाती है, लेकिन वह पकड़ी गई शराब ही विभाग की लापरवाही की पोल खोलने को काफी है। जिले के बॉर्डर से अवैध शराब गांवों तक पहुंच जाती है, लेकिन पुलिस व आबकारी विभाग उसे पकड़ नहीं पाते हैं। आखिर बॉर्डर की चौकियों से क्यों इतनी लापरवाही हो रही है? पुलिसिया तंत्र फेल हो गया या फिर माफियाओें का राज है? आबकारी विभाग भी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। जिस कारण गांवों में अवैध शराब का खेल जोरों पर है।

शराब की तस्करी रोकने के लिए शासन से भले ही कितने भी सख्त निर्देश आ जाए, लेकिन मातहतों को उनकी कोई परवाह नहीं है। बागपत जनपद की बात की जाए तो यहां दिल्ली व हरियाणा से शराब की तस्करी की जाती है। हरियाणा से अधिक शराब आती है। हरियाणा से वाया बागपत ही बिहार तक अवैध शराब पहुंचती है।

पूर्व में कई बार अवैध शराब पकड़ी तो इसका खुलासा भी हुआ था। यानी माफियाओं के लिए यही रास्ते सबसे आसान है। हरियाणा की ओर से आने वाले वाहनों की चेकिंग के लिए निवाड़ा चेक पोस्ट है। चेक पोस्ट को पार कर जनपद में शराब खूब पहुंच रही है। दूसरे स्थानों पर शराब पहुंच रही है।

निवाड़ा चेक पोस्ट पर पुलिस तैनात तो रहती है, लेकिन चेकिंग खानापूर्ति की होती है। एक समय था जब यहां से हर वाहन चेक होकर निकलता था, लेकिन अब लंबे समय से चेकिंग के नाम पर यहां सिर्फ खानापूर्ति ही की जाती है। निवाड़ा चेक पोस्ट से निकलने के बाद माफिया संपर्क मार्गों से होते हुए अपने ठिकानों तक पहुंच जाते हैं। यही नहीं गाजियाबाद की ओर से ललियाना व धोली पियाऊ चौकी के सामने से भी जनपद में खूब अवैध शराब पहुंच रही है।

डूंडाहेड़ा चेक पोस्ट का भी यही आलम है। पुलिस भले ही चेक पोस्टों से शराब नहीं निकलने के दावे करती हो, लेकिन गाड़ियों में भरकर शराब जनपद के अंदर खूब पकड़ी जा चुकी है, जिससे जाहिर है कि बॉर्डर को क्रास करने में उन्हें परेशानी नहीं हुई। बागपत जनपद का कोई भी गांव ऐसा नहीं होगा जहां अवैध रूप से शराब न बेची जाती है। बागपत जिला मुख्यालय पर बड़े स्तर पर अवैध रूप से शराब बेची जाती है।

यहां शराब मिलावट करने का खेल भी खुला था। अवैध शराब की बिक्री रोकने पर पुलिस पर माफियाओं ने हमला भी किया था। पुलिस के अभियान में गांवों में शराब मिल रही है वह वहां तक कैसे पहुंची? सिस्टम पर यह खुला सवाल है। चेक पोस्टों पर तो लापरवाही हो ही रही है साथ ही आबकारी विभाग का तंत्र भी फेल साबित हो रहा है।

चमरावल की घटना के बाद आबकारी विभाग को छापेमारी की याद आई है उससे पहले विभाग कुंभकर्णी नींद में नजर आ रहा था। लॉक डाउन के बाद ठेके खुलने पर जो खेल हुआ वह सभी की नजरों में था, लेकिन अधिकारियों ने उसे भी दबा दिया। गांवों में खुले अवैध शराब के ठेकों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। यही कारण है कि चमरावल गांव में मौत का सामान छह की जिंदगी को लील गया। अब देखना है कि पुलिस और आबकारी अवैध शराब पर अंकुश लगा पाते हैं या नहीं?

यमुना के रास्ते से भी होती है तस्करी

हरियाणा की ओर से यमुना के रास्ते भी खूब तस्करी होती है। यमुना नदी में दो बड़े नाव हादसे हो चुके हैं। जिसमें यही सामने आया था कि हरियाणा की ओर से नाव में भी अवैध शराब लाई जाती है। इसके अलावा खेकड़ा का एक माफिया तो लॉक डाउन में यमुना किनारे ही ग्राहकों को बुलाता था और शराब बेचता था।

वह हरियाणा से शराब लाकर यहां बेचता है। इसी तरह से पूरे जनपद के माफियाओं का गिरोह है जो हरियाणा से यमुना के रास्ते शराब लाते हैं। यमुना में ट्यूब संचालित कर रखी है। उन ट्यूब पर शराब की पेटियां ही रखकर आती हैं। पुलिस आज तक उन पर अंकुश नहीं लगा पाई है।

अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। टीमों द्वारा गांवों, कस्बों व शहरों में शराब पकड़ी गई है। जनपद में अवैध शराब माफियाओं को छोड़ा नहीं जाएगा।
                                                              -अखिलेश सिंह, जिला आबकारी अधिकारी

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

Saharanpur News: महाशिवरात्रि पर सहारनपुर में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन से निगरानी

जनवाणी संवाददाता | सहारनपुर: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद...

महाशिवरात्रि स्पेशल: साबूदाना खिचड़ी से मखाना खीर तक, 8 आसान फलाहारी व्यंजन

नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत...

Himachal Accident: हिमाचल में दुखद हादसा, जीप दुर्घटनाग्रस्त, तीन लोगों की मौत, एक घायल

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर...
spot_imgspot_img