- डब्ल्यूटीसी फाइनल : भारत की पहली पारी को 217 रन पर समेटा
- न्यूजीलैंड ने दो विकेट के नुकसान पर बनाए 101 रन
जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: लंबे कद के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने अपने आठवें टेस्ट मैच में पांचवीं बार पारी में पांच विकेट लिए जिससे न्यूजीलैंड ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल के तीसरे दिन रविवार को यहां भारत को 217 रन पर समेटने के बाद अपनी पहली पारी में दो विकेट पर 101 रन बनाए।
न्यूजीलैंड की टीम इस तरह से अभी भारत से 116 रन पीछे है जबकि उसके आठ विकेट बचे हुए हैं। स्टंप उखड़ने के समय कप्तान केन विलियमसन 12 रन पर खेल रहे थे जबकि रोस टेलर को अभी खाता खोलना है। भारतीय गेंदबाजों को कीवी गेंदबाजों की तरह स्विंग नहीं मिली लेकिन उन्होंने सीम का अच्छा उपयोग किया।
न्यूजीलैंड की सलामी जोड़ी ने हालांकि भारतीयों को कोई मौका नहीं दिया और 21 ओवर तक दोनों छोर संभाले रखे। टॉम लाथम 30 रन बनाकर अश्विन का शिकार बने और डेवोन कॉनवे 54 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले भारत ने सुबह तीन विकेट पर 146 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन 71 रन के अंदर बाकी बचें सातों विकेट गंवा दिए।
इसका श्रेय न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों और कप्तान केन विलियमसन को जाता है जिन्होंने भारतीय बल्लेबाजों विशेषकर कप्तान विराट कोहली (142 गेंदों पर 44 रन) और उप कप्तान अजिंक्य रहाणे (119 गेंदों पर 49 रन) के लिए अच्छी तरह से जाल बिछाया। जैमीसन ने 31 रन देकर पांच विकेट लिए जबकि नील वैगनर (40 रन देकर दो), ट्रेंट बोल्ट (47 रन देकर दो) और टिम साउदी (64 रन देकर एक) ने बाकी पांच विकेट निकाले।
कीवी गेंदबाजों ने कोहली के लिए लगातार आॅफ स्टंप से बाहर गेंदबाजी करके उनकी एकाग्रता की परीक्षा ली जबकि रहाणे को उन्हें शार्ट पिच गेंदें करके उन्हें पुल शॉट खेलने के लिए ललचाया। इस बीच विलियमसन ने गेंदबाजी में लगातार बदलाव भारतीयों को किसी भी गेंदबाज को समझने का अवसर नहीं दिया। भारत ने सुबह तीन विकेट पर 146 रन से आगे खेलना शुरू किया और पहले सत्र में चार विकेट के एवज में 65 रन जोड़कर लंच तक स्कोर सात विकेट पर 211 रन तक पहुंचाया।
भारत के पुछल्ले बल्लेबाज नई गेंद के सामने देर तक नहीं टिक पाए। न्यूजीलैंड ने लंच के बाद बाकी बचे तीनों विकेट 19 गेंद और छह रन के अंदर निकालकर भारतीय पारी का अंत किया। बादल छाये रहने के कारण बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। कोहली अपने कल के स्कोर में एक भी रन नहीं जोड़ पाए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के उनके साथी जैमीसन ने उन्हें काफी परेशानी में डाला। बोल्ट और जैमीसन ने उनके लिए आॅफ स्टंप से बाहर गेंद करना जारी रखा और कोहली भी उनकी रणनीति भांपकर इन गेंदों को छोड़ते रहे।
ऐसे में जैमीसन की बेहतरीन लेंथ से की गई गेंद उनके पैड से टकराई और अंपायर की उंगली उठ गई। कोहली ने इस पर डीआरएस भी गंवाया। पंत (चार) ने 19 गेंद तक कोई रन नहीं बनाया और फिर मिडविकेट पर चौका जड़ा। इसके दो गेंद बाद जैमीसन की कोण लेती गेंद पर उन्होंने ड्राइव करने के प्रयास में तीसरी स्लिप में लाथम को कैच दे दिया। कोहली के साथ 61 रन की साझेदारी टूटने के बाद रहाणे को लग गया था कि रन गति तेज करने की जरूरत है। उन्होंने कुछ अच्छे शॉट खेले।

