- गिरफ्तारी और अन्य कानूनी कार्रवाई का है डर
जनवाणी ब्यूरो |
कैराना: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपराधियों के विरुद्ध सख्त रवैये के कारण पुलिस द्वारा अपराधियों पर लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही हैं। जिस कारण प्रदेश के थानों में फरार अपराधी पुलिस कार्रवाई के डर से पुलिस के सामने खुद ही आत्मसमर्पण कर रहे हैं।
सोमवार को गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे पांच गैंगस्टर अब्बास उर्फ बासा, तस्लीम, आरिफ, इलियास व इमरान निवासी ग्राम रामडा कैराना थाने पर पहुंचे। आरोपियों ने पुलिस के सामने हाथ उठाकर आत्मसमर्पण कर दिया। गैंगस्टरों ने बताया कि वह गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे थे।
उन्होंने खुद ही कोतवाली में आकर आत्मसमर्पण कर दिया हैं। आरोपियों ने कहा कि वह अपराध से तोबा कर भविष्य में अपराध न करने की कसम खाते हैं। जिसके बाद पुलिस ने सभी पांचों गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि वांछित पांच गैंगस्टरों द्वारा गिरफ्तारी के बढ़ते दबाव के चलते थाने पर आकर आत्मसमर्पण किया गया हैं। गैंगस्टरों के खिलाफ कैराना थाने पर बलवा, हत्या का प्रयास व चोरी आदि के कई मुकदमे दर्ज हैं। जिन पर अंकुश लगाने के लिए आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। आरोपियों का चालान कर दिया गया।

