- कोविड महामारी ने दिया कमाई के नए आनलाइन विकल्पों को जन्म
- अब लोग घर बैठे आनलाइन माध्यम से लाखों रुपये कमा रहे
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोविड के बाद दुनिया बहुत बदल गई है। अभी तक ज्यादातर काम आफलाइन मोड में हो रहे थे, लेकिन कोविड के बाद से अब सबकुछ आनलाइन हो गया है। ऐसे में वे बच्चे जो 12वीं की पढ़ाई कर रहे हैं, उनके सामने करियर आॅप्शंस को लेकर दुविधा आ गई है।
उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि वे अभी तक जिस एग्जाम की तैयारी कर रहे थे वो बार-बार पोस्टपोन हो रहे हैं, तो ऐसी स्थिति में वे किस करियर को चुनें? वहीं, करियर काउंसलर्स का कहना है कि पैंडमिक ने करिअर आॅप्शन्स को खत्म नहीं किया है, बल्कि और नए रास्ते खोल दिए हैं।
अभी बच्चों के पास आफलाइन और आनलाइन दोनों मोड हैं, जहां बच्चे अपना अच्छा करियर बना सकते हैं। कोविड के बाद डिजिटल मार्केटिंग, डेटा इंजीनियरिंग, साइबर सिक्योरिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस और घर बैठे आनलाइन यूट्यूब पर अपना हुनर दिखाकर, इंस्टाग्राम एवं ब्लॉगिंग अदि के माध्यम से करियर आसानी से बनाया जा सकता है। वहीं, कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय द्वारा की गई पहल में स्किल डेवलपमेंट आधारित पढ़ाई की जा सकती है।
पैंडमिक के बाद नौकरियों के कई विकल्प बढ़ गए हैं। अब तक जो पहले से तय करिअर आॅप्शन्स माने जाते थे, अब उनकी भी परिभाषा बदल गई है। कोविड महामारी ने करियर के नए विकल्पों को जन्म दिया है। अब लोग घर बैठे आनलाइन प्लेटफॉर्म से भी लाखों रुपये कमा रहे हैं। वहीं, इन सभी करियर आॅप्शन्स में से महिलाएं भी अपनी पसंद का करियर चुन सकती हैं।
ब्लॉग के जरिए कर रहे अच्छी कमाई
हिमांशु ने बताया कि उन्हें लिखने का काफी शौक है। खाली समय में वह कविताएं और आर्टिकल लिखते रहते हैं। इसलिए उन्होंने अपना ब्लॉग बनाया और अपनी पसंद की कविताएं लिखकर उन्हें ब्लागिंग पर पोस्ट कर दिया। इससे उन्हें काफी फायदा हुआ है। कहा कि इसके लिए कोई भी अपना ब्लॉग या वेबसाइट बनाकर रुचि के अनुसार किसी भी टॉपिक पर कविताएं या आर्टिकल लिख सकते हैं। इससे पैसे कमाने के लिए भी एडसेंस की भूमिका अहम होती है। कोविड ने आनलाइन माध्यम के जरिए कमाई करने के नए विकल्पों को जन्म दिया।
फेसबुक पर प्रोडक्ट को कर रहे प्रमोट
आकांशा ने बताया कि भारत का सबसे लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक भी कमाई के लिहाज से सबसे बेहतर तरीका है। फेसबुक से पैसे कमाने के लिए मैंने एक अलग से फेसबुक पेज बनाया जिसमें अच्छे खासे लाइक्स मिलने के बाद कमाई भी खूब हुई। इन लाइक्स की मदद से मैंने एक प्राइवेट कंपनी का स्पोंसरशिप ले लिया। उनेहोंने बताया कि स्पोंसरशिप मिलने के बाद उस कंपनी के प्रोडक्ट को प्रमोट कर पैसा कमाने में काफी मदद मिली। कहा कि आनलाइन मोड के कई फायदे हैं इससे समय की भी काफी बचत होती है।
इंस्टाग्राम पर फोटोग्राफी से बनाई अलग पहचान
सुहानी ने बताया कि बचपन से ही उन्हें फोटोग्राफी का बहुत के्रज है। अपने कॉलेज इवेंटस में भी वह खुद ही फोटोग्राफी करती हैं। उन्होंने कहा कि फेसबुक की तरह ही इंस्टाग्राम पर भी पैसे कमाए जा सकते हैं। आज कई लोगों को फोटोग्राफी करना और अपनी फोटोज क्लिक करवाना पसंद है। मुझे भी फोटोग्राफी का बहुत पैशन है। इसलिए इंस्टाग्राम पर फोटोज को अपलोड किया। इसके बाद इंस्टाग्राम पेज पर काफी लाइक्स मिलने लगे। जिसके बाद उन्होंने कंपनी का स्पोंसरशिप लेकर पैसे कमाना शुरु कर दिया।

