- एडीजी ट्रैफिक के आदेश भी हवा-हवाई, नहीं मिल रही जाम से निजात
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था का हल्ला लखनऊ तक मच चुका है। जिसके चलते यातायात एडीजी ज्योति नारायण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा भी कर चुके हैं और जाम से निजात दिलाने के लिए जरूरी निर्देश भी दिए थे। इसके बावजूद एडीजी के आदेश हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। पिछले तीन दिनों से शहर के अंदर ही नहीं, हाइवे भी जाम से बाधित हो रहा है। हाइवे के जाम की बात करें तो रविवार शाम को खड़ौली चौराहे पर भीषण जाम लगा रहा और पुलिसकर्मी यहां से नदारद ही रहे।
रैपिड रेल के निर्माण कार्य की वजह से दिल्ली रोड पर हर समय जाम लगा रहता है। हालात यह हो गए है कि दिल्ली रोड से शहर को पार करना बड़ी ही मुश्किल हो रही है। यही नहीं जब वाहन चालक दिल्ली रोड के जाम से बचने के लिए एनएच-58 से गुजरते हैं तो वहां भी भीषण जाम के हालात बन जाते है।
पुलिस और प्रशासनिक मशीनरी जाम से राहत देने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। यातायात एडीजी ज्योति नारायण के दौरे के बाद भी शहर की यातायात पुलिस पुराने ढर्रे पर ही काम कर रही है। जिस कारण एडीजी के आदेश हवा-हवाई होते दिखाई दे रहे हैं।
एनएच-58 पर ट्रक का डीजल खत्म होने से लगा भीषण जाम
नेशनल हाइवे पर खड़ौली के निकट ट्रक का डीजल खत्म होने से लगभग दो किमी लंबा भीषण जाम की स्थिति बन गई। जाम का आलम यह था कि गाड़ियों के पहिए धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल जाम खुलवाया।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में हाइवे स्थित खड़ौली गांव के सामने रविवार शाम दिल्ली की तरफ जा रहे हैं। एक लोडिंग ट्रक का हाइवे के बीचोबीच डीजल खत्म हो गया। चालक को पहले तो लगा कि ट्रक में कुछ कमी आ गई है, लेकिन मिस्त्री के आने के बाद पता चला कि ट्रक का डीजल खत्म हो गया है।
हाइवे के बीचो बीच खड़े ट्रक के कारण भीषण जाम की स्थिति बन गई। वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई। जाम में फंसे होने के कारण राहगीरों के पसीने छूट गए। वाहनों के पहिए खिसककर आगे बढ़ रहे थे। राहगीरों ने किसी तरह जाम खुलवाने की कोशिश करी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क किनारे खड़ा करवाया। लोडिंग ट्रक को सड़क किनारे खड़ा करवाने में क्रेन चालक के भी पसीने छूट गए।
जाम में कई एंबुलेंस भी फस गई। राहगीरों ने किसी तरह एंबुलेंस को जाम से निकलवाया। इस दौरान चालक कैन लेकर पेट्रोल पंप पहुंचा और डीजल लाकर ट्रक में डाल दिया, लेकिन जब तक जाम की स्थिति भयंकर रूप ले चुकी थी। पुलिस ने बमुश्किल जाम को खुलवाया। पुलिस ने राहगीरों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर सुबोध सक्सेना का कहना है कि जाम की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेज दिया गया था।

