जनवाणी संवाददाता |
बागपत: पांच साल में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 500 से अधिक लोगों से पांच करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में बागपत कोतवाली में बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े सहित 22 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुक़दमा दर्ज किया गया है।
मीतली गांव निवासी बबली, लुहारी गांव निवासी शर्मिला, सूरज आदि ने बताया कि बिजरौल गांव के युवक का उनके गांव में आना जाना था। वह स्वयं सहायता समूह और द लोनी अर्बन मल्टी स्टाटे क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कॉपरेटिव सोसाइटी से जुड़ा है। द लोनी अर्बन मल्टी स्टाटे क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कॉपरेटिव सोसाइटी भारत सरकार के कृषि मंत्रालय और सहकारी मंत्रालय में पंजीकृत है। कंपनी के पदाधिकारियों से बातचीत होने के बाद बागपत के केंद्र से समालखा हरियाणा की ब्रांच में 1.90 लाख रुपये की एफडी कराई। इसके बाद अन्य लोगों के रुपये भी निवेश कराए। आरोप लगाया कि 27 नवंबर 2024 को कंपनी ने लेनदेन का साफ्टवेयर बंद कर दिया। समालखा स्थित कार्यालय पर जाकर कंपनी के अधिकारियों से वार्ता की, लेकिन उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इस दौरान दूसरे सुविधा केंद्र संचालकों और एजेंटों के साथ धोखाधड़ी होने की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि कंपनी ने जिलेभर में 25 से अधिक एजेंट बनवाकर 500 से अधिक लोगों से रकम निवेश कराई, जो पांच करोड़ रुपये से अधिक है। पांच करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आने पर कोतवाली पुलिस ने 22 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पांच करोड़ रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने राकेश कुमार, नरेश कुमार निवासी पवेसरा जिला सोनीपत, सुभाष सैनी आदर्श नगर सोनीपत, आकाश श्रीवास्तव निवासी अंबाला व हाल निवासी चंडीगढ़, पप्पू शर्मा निवासी मुखीला कॉलोनी पानीपत, गीता, बिजेंद्र सिंह निवासी मच्छरौली समालखा पानीपत, पूनम सांगवान निवासी रोहतक, रामकुमार झा, उनकी पत्नी अंजू निवासी ऊंचा रोड व हाल निवासी टीडीआई सिटी पानीपत, शबाब हुसैन निवासी कबाड़ी मार्केट लखनऊ, नरेंद्र नेगी, परिक्षित पारसे निवासी इंदौर, राकेश शेट्टी मुंबई, राजेश टैगोर, संजय मृदगल निवासी भजला बड्डा हिमाचल, अभिनेता श्रेयस तलपड़े, अभिनेता आलोकनाथ निवासी मुंबई, एमडी समीर अग्रवाल, पंकज अग्रवाल निवासी मुंबई व हाल निवासी दुबई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।उक्त में बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े और आलोकनाथ शामिल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

