जनवाणी संवाददाता |
गंगोह: कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक स्मैक तस्कर को पकड़ा जबकि उसके दो साथी भागने में कामयाब रहे। पकड़ी गई 500 ग्राम स्मैक की कीमत पचास लाख के लगभग बताई गई है। रविवार को कोतवाली कार्यालय में पत्रकारों को जानकारी देते हुए सीओ रिजवान अहमद ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश के अनुसार इस समय अवैध नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है।
शनिवार रात पुलिस को लखनौती मार्ग स्थित बिजलीघर के पास से बाइकों पर सवार तीन लोग आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर इन लोगों ने भागने का प्रयास किया।
दो आरोपी तो भागने में कामयाब रहे जबकि तीसरा अपाचे बाइक पर सवार बदमाश ने भागते समय गांधी नगर निवासी जोनी की सेंट्रो कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद जहां कार को नुकसान पहुंचा है वहीं बदमाश को भी चोट आई है। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

