- केटीएम बाइक पर ले गया था, हत्या से पहले अधेड़ से बनवाई थी वीडियो
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: परीक्षितगढ़ में आम के बाग में जिस इकलास नामक अधेड़ की हत्या की गई थी। उसके हत्यारोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से ढाई लाख रुपये कीमत की केटीएम बाइक, तमंचा और वीडियो बरामद किया है। हत्या करने वाले 19 वर्षीय आरोपी ने पूछताछ में बताया कि अवैध संबंध बनाने को लेकर अधेड़ ब्लैकमेल करता था। इससे तंग आकर गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने हत्यारोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसएसपी प्रभाकर चौधरी और एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि इकलास सैफी निवासी कमालपुर की हत्या में सादिक के खिलाफ हत्या की तहरीर दी गई थी। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने जब गहनता से विवेचना की तो हत्यारोपी का नाम प्रियांशु उर्फ प्रयाग निकला।

जब इससे पूछताछ की गई तो पहले तो उसने पुलिस को बरगलाया, लेकिन बाद में उसने बताया कि कमालपुर निवासी इकलास सैफी से उसकी दोस्ती फेसबुक के जरिये हुई थी। बाद में मेलजोल बढ़ा तो इकलास उ7सके साथ अवैध संबंध बनाने लगा। इसके लिये उसने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था। प्रियांशु ने बताया कि जब वो अवैध संबंध बनाने से आजिज आ गया तो पीछा छुड़ाने का प्रयास करने लगा और उसके फोन ब्लाक कर दिये थे।
एसएसपी ने बताया कि प्रियांशु ने एक दिन परेशान होकर इकलास को बुलाया और उसे अपनी महंगी केटीएम बाइक पर बैठाकर मवाना की ओर चल दिया। रास्ते में उसकी योजना हत्या करने की थी, लेकिन मवाना तक खाली रास्ता न मिलने पर वो इकलास को लेकर बहलोलपुर ले आया। प्रियांशु ने पूछताछ में बताया कि उसने इकलास के बातों में लेकर कहा कि वो गोली मारने की वीडियो बनाना चाहता है।
इकलास उसकी बातों में आ गया। इकलास को उसने जमीन पर लिटाकर मोबाइल आॅन करके पकड़ा दिया। जब इकलास ने रिकॉर्डिंग शुरू की तभी प्रियांशु ने माथे पर सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही इकलास का भेजा उड़ गया और उसकी मौत हो गई। प्रियांशु की योजना थी वीडियो को सुरक्षित रखेगा।
बीयर की बोतल के बार कोड ने पकड़वाया
एसएसपी ने बताया कि इकलास हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ने के लिये आठ टीमों का गठन किया गया था। पुलिस द्वारा घटनास्थल की तरफ आने जाने वाले रास्तो पर लगे करीब 150-200 सीसीटीवी कैमरो की फुटेज प्राप्त की गयी तथा प्राप्त फुटेजों का अध्ययन के दौरान घटनास्थल पर मिली बीयर के कैन की बोतल मिली। पुलिस ने बारकोड के आधार पर ठेके का पता लगाया। वहां से पुलिस को प्रियांशु के बारे में पता चला।
खानदानी तमंचा बरामद
एसएसपी ने बताया कि आरोपी प्रियांशु ने जिस तमंचे का प्रयोग मर्डर के लिये किया था उस तमंचे को उसके बाबा ने लाकर पिता को दिया था।

