- पुलिस ने आठ पर मुकदमा दर्ज करते हुए एक को दबोचा
- युवक की मौत से परिवार के लोगों में मचा कोहराम
जनवाणी संवाददाता |
शामली: आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के कस्बा बनत के मोहल्ला प्रेम नगर निवासी समीर (19) पुत्र राहिल शामली शहर में अजंता सिनेमा के पीछे मार्किट में टाटा 407 व डीसीएम गाड़ी का मैकेनिक था। गुरुवार की देर शाम को समीर शामली से बस से कस्बा बनत में पहुंचा था।
बताते हैं कि बनत में बस स्टैंड पर बस से उतने के बाद जब समीर घर जाने लगा तो रास्ते में खड़े करीब एक दर्जन युवकों में से किसी से उसका हाथ छू गया जिसको लेकर उनमें कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। आरोप है कि उसके बाद 8-10 लड़कों ने समीर के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे सिर के बल जमीन पर पटक-पटककर जबरदस्त तरीके से पिटाई की और फरार हो गए।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल समीर को शामली सीएचसी में पहुंचाया जहां से गंभीर हालत में उसे रैफर कर दिया गया लेकिन वहीं पर उसकी मौत हो गई। युवक की मौत हो परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं जानकारी पर आदर्श मंडी पुलिस घटनास्थल और अस्पताल में पहुंची तथा जानकारी करने के साथ ही शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
वहीं शुक्रवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मामले में वरदान पुत्र प्रदीप निवासी आजादनगर, वतनराज पुत्र सोमपाल निवासी सुभाषनगर, राज पुत्र राजेंद्र, अक्षय पुत्र कुन्नू निवासीगण प्रतापनगर, आशीष पुत्र हरिशचंद निवासी आर्यपुरी, लक्की पुत्र गब्बर निवासी प्रतापनगर, आयुष राणा पुत्र निर्देश राणा निवासी जवाहरनगर, भोंदा पुत्र भारत निवासी प्रताप नगर को नामजद किया गया है जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
कस्बा बनत में समीर नाम के युवक के साथ कुछ लड़कों ने मारपीट की है जिसमें समीर को गंभीर चोटे आई जिसमें बाद में उसकी मौत हो गई। युवक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आठ नामजदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी वरदान पुत्र प्रदीप निवासी आजादनगर को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि मृतक युवक और आरोपी सभी एक दूसरे को जानते थे , उनका पूर्व में भी कुछ विवाद रहा था। पुलिस अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
-सुकीर्ति माधव, पुलिस अधीक्षक शामली

