- ऑन डिमांड नशे की गोलियां करता था सप्लाई, जेल भेजा
जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए पुलिस ने एक युवक को बड़ी संख्या में नशे की गोलियों के साथ दबोचा है। पकड़े गए युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है।
गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने रणखंडी रेलवे क्रासिंग के निकट से मोहल्ला शेखुल हिंद कॉलोनी निवासी आसिफ नामक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से नशे की छह सो गोलियां बरामद की गई हैं। कोतवाली प्रभारी एचएन सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक क्षेत्र में नशे की गोलियां बेचने का काम करता है। वह नशे के आदि युवकों को ऑन डिमांड गोलियां सप्लाई करता था।
पकड़े गए युवक को खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है। गौरतलब होगा कि पुलिस लम्बे समय से नगर में नशे के खिलाफ अभियान चलाए हुए है। इसके तहत दर्जनों लोगों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा जा चुका है। लेकिन नशे का यह काला धंधा लगातार फल फूल रहा है। इसकी चपेट में सबसे अधिक युवा आ रहे हैं। नशे की लत के कारण इनका भविष्य अंधकारमय हो रहा है।
नगर के जागरुक लोगों का कहना है कि इस काली और अंधी दुनिया से लोगों को विशेषकर युवाओं को बचाने के लिए पुलिस को और अधिक प्रभावशाली अभियान छेडऩा होगा और इक्का दुक्का नशेड़ी को पकड़ कर जेल भेजने के बजाए इसकी जड़ उखाडऩी होगी।

