- विधानसभा वार प्रत्येक बूथ आगामी एक अगस्त से अभियान
जनवाणी संवाददाता |
शामली: सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावली में शामिल मतदाताओं के आधार नम्बर स्वैच्छिक रूप से एकत्र किए जाने के अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान के लिए जनपद के राजनैतिक दलों के अध्यक्ष, मंत्री, मीडिया, सिविल सोसाइटी संगठनों एवं एनजीओ के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन आयोग की गाइड लाइन के अनुसार बताया कि पंजीकरण फार्म में मतदाताओं की आधार संख्या संशोधित प्रपत्रों फार्म 7, 11, 11ए और 11बी को छोड़कर, में मतदाताओं के आधार विवरण मांगने का प्रावधान किया गया है। मतदाता सूची में प्रविष्टियों को प्रमाणित करने के लिए मौजूदा मतदाताओं की आधार संख्या एकत्र करने के लिए आरईआर 1960 की धारा 23 की उप-धारा (5) के अनुसार एक नया फार्म 6बी पेश किया गया है।
मतदाताओं के आधार विवरण मांगने के अलावा फार्म 1, 2, 2ए, 3, 18 और 19 में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि संशोधित फार्म आगामी एक अगस्त से लागू होंगे। आधार नंबर एकत्र किए जाने की कार्रवाई के लिए एक अगस्त को आधार नम्बर एकत्रीकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। बैठक में स्वीप कोर्डिनेटर डा. अजय बाबू शर्मा ने प्रोजेक्टर के माध्यम से आधार नम्बर एकत्रीकरण के संबंध में बिंदुवार जानकारी दी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह,एसडीएम शामली विशु राजा, एसडीएम कैराना शिव प्रकाश यादव, एसडीएम ऊन सुश्री निकिता शर्मा, स्वीप कोर्डिनेटर डा. अजय बाबू शर्मा, जिला निर्वाचन कार्यालय से प्रधान सहायक देवेंद्र सिंह के अलावा रालोद नेता रामकुमार वर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक वर्मा, भाजपा नेता सचिन जैन, बादल गौतम आदि उपस्थित रहे।

