- मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, यूपी में जनता के साथ धोखा
- बोले, स्कूलों की हालत खस्ता चारों ओर भय का माहौल
जनवाणी संवाददाता |
शामली: दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने देश की जनता को धोख देने का काम किया है। एक ओर जहां यूपी के स्कूलों की खस्ता हालत है, वहीं जनता में भय का माहौल बना हुआ है। लेकिन प्रदेश सरकार सिर्फ लोगों को जाति और धर्म के नाम पर बांटने में लगी है। उन्होंने आगामी जिला पंचायत चुनाव में आम आदमी पार्टी अपने प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाकर मिशन 2022 की तैयारी का ऐलान करने जा रही है।
शनिवार को कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम नगर में करनाल रोड स्थित आम आदमी पार्टी के जिला कार्यालय पर पहुंचें। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2014 में गुजरात मॉडल बेचकर पूंजीपतियों के माध्यम से मीडिया हाउस खरीदे और नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया गया।
उन्होंने युवाओं रोजगार देने, अच्छे दिन लाने, महंगाई को खत्म करने तथा भ्रष्टाचार को समाप्त करने का वायदा किया था, लेकिन जब से भाजपा की सरकार केंद्र में आई है, महंगाई निरंतर बढ़ती जा रही है। फिर, लॉक डाउन लगाकर लोगों के रोजगार छीनने का काम किया गया। बिजली महंगी की गई, जिससे आम जनता परेशान है। आज उत्तर प्रदेश की जनता भय के माहौल में जी रही है। लोगों को बोलने की आजादी नहीं है।
आम आदमी पाटी्र के नेता ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री स्कूलों से शिक्षा खत्म कर लोगों को जाति-धर्म के नाम पर बांटने में लगे हैं। दिल्ली सरकार ने जो घोषण की उसको पूरा कर दिखाया। आज दिल्ली में बच्चे प्राईवेट स्कूलों से अपने नाम कटवाकर सरकारी स्कूलों में दाखिले ले रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि आम आदमी पार्टी आगामी जिला पंचायत चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारकर उनको चुनाव लड़ाएगी। साथ ही, 2022 में आम आदमी की सरकार बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के चुनाव में आम आदमी पार्टी अपनी आधारशिला रखकर अपनी धमक दिखाएगी।
नए कृषि कानून पर आम आदमी पार्टी नेता ने कहा कि किसानों के साथ-साथ यह कानून आम आदमी को भी प्रभावित करते हैं, जिनको वापस लिया जाये।
इस अवसर पर मुस्तफाबाद से विधायक हाजी युनुस, जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पहलवान, इस्लाम, शकील मलिक आदि मौजूद रहे।

