- जलालाबाद डिपो बंद होने पर आम-ओ-खास की राय
जनवाणी ब्यूरो |
जलालाबाद: जलालाबाद रोडवेज डिपो को निरस्त कर सहारनपुर जनपद से संबद्ध किए जाने के बाद क्षेत्र की जनता में काफी रोष व्याप्त है। जिस पर उन्होंने निरस्त्रीकरण आदेश निरस्त कर पुन: जलालाबाद डिपो का संचालन प्रारंभ किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि डिपो बंद से जनता को काफी परेशानी उठानी पड़ेगी।
नगर पंचायत जलालाबाद के चेयरमैन अब्दुल गफ्फार का कहना है कि जलालाबाद डिपो बनने से जलालाबाद व क्षेत्रवासियों को आवागनम की काफी सुविधा मिल रही थी। डिपो बंद होने से पुन: यात्रियों को असुविधा का सामना करना पडेगा। दूसरी ओर, जलालाबाद के पूर्व चेयरमैन तथा युवा रालोद के राष्ट्रीय महासचिव अशरफ अली खान का कहना है कि रोडवेज बस डिपो के संचालन को बंद कर औचित्यहीन निर्णय है।
एक ओर जहां सरकार जनता को यातायात सुविधा मुहैया कराए जाने के दावे करती है, वहीं जलालाबाद डिपो को बंद कर उसने अदूरदर्शिता का परिचय दिया है। उन्होंने प्रदेश सरकार के कैबिनेट परिवहन मंत्री अशोक कटारिया से जलालाबाद डिपो का पुन: संचालन कराए जाने की मांग की है।
जिला पंचायत सदस्य शेरसिंह राणा का कहना है कि विकास मात्र दिखावा है। डिपो केवल हवा में चल रहा था। जलालाबाद डिपो के नाम पर फीते काटे गए और जनता को गुमराह किया गया। जबकि प्रदेश सरकार से डिपो का संचालन हो ही नहीं रहा था।

