- क्रय केन्द्र न हटाने की मांग को कलक्ट्रेट पहुंचे गाधी गांव के ग्रामीण
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: गाधी गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को कलक्ट्रेट में पहुंचकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर गांव से क्रय केन्द्र को न हटाने की मांग की, क्योंकि वहां कुछ दबंग व्यक्ति राजनीति के कारण केन्द्र को हटाने की साजिश रच रहे है। साथ ही केन्द्र के हटने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
गाधी गांव के ग्रामीण कलक्ट्रेट में पहुंचे और वहां नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि गाधी-निबाली मार्ग पर पर पिछले कुछ वर्षों से बागपत चीनी मिल का क्रय केन्द्र लगा हुआ है। उक्त क्रय केन्द्र पर गांव के किसान अपना गन्ना डालते है और उनको किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन गांव के कुछ लोग राजनीति के चलते उक्त केन्द्र को यहां से हटाना चाहते है और इसके लिए लगातार शिकायत कर रहे है, ताकि वहां से क्रय केन्द्र को हटाया जा सकें।
बताया कि इसके हटने से ग्रामीणों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि क्रय केन्द्र को हटाया गया तो वह आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। इसलिए केन्द्र को वहीं रहना चाहिए , क्योंकि वह कई बार सीसीओ से भी मिल चुके है। इसके लिए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर राकेश, सुनील, राजवीर, सोनू, सुशील फौजी, सतेन्द्र, सुशील, पवन, लोकेश, जगरोशन, संजू आदि मौजूद रहे।

