जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: रमाला सहकारी चीनी मिल गन्ना यार्ड में मंगलवार की देर रात्रि में फायर करने के आरोपी को युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। रमाला थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि रमाला सहकारी चीनी मिल में नौ मार्च की देर रात्रि में टोकन पहले कटवाने को लेकर सुपरवाइजर नरेंद्र पंवार के साथ कुछ किसानों का झगड़ा हो गया था। इस युवा किसान ने अपने घर फोन कर गांव से कई लोगों को बुला लिया था।
गन्ना यार्ड में बने टोकन कक्ष के समीप जाकर उसने तमंचे से फायर कर दिया था। सुपरवाइजर ने भागकर जान बचाई थी। हालांकि रमाला पुलिस ने सूचना पाकर मौके पर पहुंची थी। आरोपी युवक प्रियव्रत पुत्र प्रेमदेव निवासी कस्बा एलम जिला शामली को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने उसे शांतिभंग की आशंका में पकड़ा था। यहां यह विदित है कि रमाला पुलिस ने इस मामले को एक दिन तक दबाए रखा।
मामला सुर्खियों में आया तो रमाला पुलिस ने भागदौड़ शुरु की। मिल के टोकन गेट पर लगे सीसीटीवी फुटेज निकालवाई। इसमें आरोपी प्रियव्रत को तमंचे से फायर करना पाया गया। मुख्य गन्ना अधिकारी अजय कुमार यादव और सुरक्षा अधिकारी यशपाल सिंह ने रमाला थाने पर फायर करने वाले किसान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। रमाला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बुधवार देर रात्रि रमाला गेट के पास से प्रियव्रत को एक तमंचा 315 बोर दो 2 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार करना बताया। आरोपी का चालान कर दिया गया।

