- जिलाधिकारी ने किया जिला स्तरीय कार्यालर्यों का निरीक्षण
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कलक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर कार्यालयों में अधिकारियों द्वारा समय से बैठने की हकीकत को जाना। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को दैनिक एवं लंबित कार्योे को गति प्रदान कर ससमय पूर्ण करने के निर्देश दिए। समय पर कार्यालय न पहुंचने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय, वरिष्ठ कोषाधिकारी कार्यालय, कार्यालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, कार्यालय सहायक महानिरीक्षक निबंधन, न्यायालय चकबंदी अधिकारी, खनन कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को अपने कार्यालयों में समय से बैठने एवं नियमित साफ-सफाई करने के साथ साथ अभिलेखों को रख-रखाव व्यवस्थित करने के निर्देश दिये।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने मास्क ना लगाने वालों को मास्क लगाने की हिदायत दी। निरीक्षण करते हुए कलक्ट्रेट परिसर में सफाई कराये जाने जाने के साथ-साथ कार्यालय परिसर के सौंदर्य करण के दृष्टिगत जहां पर भी जो कार्य किए जाने उनको कराए जाने के निर्देश नाजिर को दिये। उन्होंने चेतावनी दी कि सभी अधिकारी, कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर निर्धारित समय पर उपस्थित होकर गंभीरता से अपने पटल के कार्यों को पूर्ण करें। लापरवाही किए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।

