जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में छुट्टा जानवरों से परेशान लोगों को योगी सरकार राहत देगी। इसको लेकर सरकार सख्त हो गई है। विधानसभा में सोमवार को पशुधन मंत्री एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि जिन किसानों अथवा लोगों के जानवर गांवों-ग्रामीण इलाकों में छुट्टा घूमते पाए जाएंगे। उनके मालिकों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वह सपा के अवधेश प्रसाद द्वारा किए गए सवाल के जवाब में बोल रहे थे। अवधेश प्रसाद ने गांवों में छुट्टा जानवरों की समस्या का मुद्दा उठाया था। मंत्री ने कहा कि हम किसान का साथ दे सकते हैं कसाई का नहीं…। उन्होंने कहा कि ये छुट्टा जानवर किन लोगों के हैं, सब जानते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां तक छुट्टा जानवरों से किसानों की फसलों के नुकसान की बात है तो इस पर विचार किया जाएगा कि कैसे उनकी भरपाई हो।

