- बेगमपुल से भैंसाली अड्डा, जली कोठी, पीएल शर्मा रोड, छतरी वाला पीर, घंटाघर, वैली बाजार, वैली चौराहा, सराफा बाजार पहुंचे
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दीपावली पर्व में सुरक्षा को लेकर एडीजी ध्रुवकांत ठाकुर, आईजी नचिकेता झा व एसएसपी डा. विपिन ताडा ने धनतेरस व दीपावली पर्व पर आपराधिक घटनाओं एवं कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से संवेदनशील व अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त किया। उन्होंने बेगमपुल से पैदल गश्त शुरू की। इसके बाद वह भैंसाली अड्डा, जली कोठी, पीएल शर्मा रोड, छतरी वाला पीर, घंटाघर, वैली बाजार, वैली चौराहा, सराफा बाजार पहुंचे।
वहां पर उन्होंने व्यापारियों से मुलाकात की। इसके साथ सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व को लेकर शहर के संवेदनशील व अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ बीडीडीएस, एएस चेक टीम विभिन्न आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के साथ जगह-जगह चेकिंग अभियान चला रही है।
17 स्थानों पर तैनात किए गए फायर टैंकर
मेरठ: दीपावली पर्व पर सुरक्षा की दृष्टि से फायर विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए देहात से लेकर शहर के मुख्य स्थानों पर फायर टैंकर लगाकर फायर कर्मियों की तैनाती कर दी है। फायर टैंकरों की लोकेशन भी मोबाइल के जरिए ली जा रही है। बताया गया कि दीपावली पर्व का त्योहार नजदीक है। इस दिन आग की कई घटनाएं सामने आती है। जिससे फायर ब्रिगेड कार्यालय से घटनास्थल के लिए फायर टैंकर को पहुंचने में काफी समय लगता है। जिससे आग बढ़ जाती है। इन समस्याओं को दूर करने के लिए फायर विभाग ने देहात से लेकर शहर के मुख्य चौराहों पर फायर टैंकर की तैनाती कर दी है।
इसके साथ फायर कर्मियों के साथ एफएसओ की डॅयूटी लगाई गई है। जिससे वह उनके उपर नजर रख सके। वहीं, इस संबंध में सीएफओ दीपावली पर्व पर सुरक्षा को लेकर शहर से देहात तक 17 स्थानों पर फायर टैंकरों को लगाया गया है। इनके साथ फायर कर्मियों व एफएसओ की भी ड्यूटी लगाई गई है। यहां लगे फायर टैंकर बेगमपुल, बच्चा पार्क, घंटाघर, भूमियापुल, आबूलेन, सदर बाजार, शिव चौक, शास्त्री नगर सेंट्रल मार्किट, हापुड़ अड्डे, बुढ़ाना गेट, सरधना, कंकरखेड़ा, मवाना, मोदीपुर, मेडिकल आदि।
ट्रेनों में उमड़ी भीड़, यात्री परेशान
मेरठ: धनतेरस पर ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। ट्रेनों के डिब्बों के गेट पर और सीढ़ियों पर खड़े होकर यात्रियों ने सफर करना पड़ा। मंगलवार को सिटी व कैंट रेलवे स्टेशन पर दिनभर यात्रियों की भीड़ रही। सभी ट्रेनों में रिर्जवेशन की सीटें और बर्थ पहले से ही फुल थी। ऐसे में अनारक्षित टिकट लेकर यात्रा करने वालों को ट्रेनों में सवार होने के लिए बेहद परेशान होना पड़ा। टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं। स्टेशनों पर लगातार ऐलान हो रहा था कि यात्री लटककर यात्रा न करें, लेकिन घर पहुंचने के लिए हजारों लोगों ने जान जोखिम में डाल दी।
भीड़ के चलते कुछ यात्री ट्रेन में नहीं चढ़ पाए। उन्हें स्टेशन से मायूस लौटना पड़ा। मेरठ से खुर्जा जाने वाली खुर्जा पैसेंजर, दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली सुपर एक्सप्रेस, मेरठ से इलाहाबाद जाने वाली संगम एक्सप्रेस, सहारनपुर से इलाहाबाद जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस, हरिद्वार से बांद्रा जाने वाली ब्रांदा एक्सप्रेस, पुरी से हरिद्वार जाने वाली उत्कल कलिंगा एक्सप्रेस, नई दिल्ली से देहरादून जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस, ऋषिकेश से अहमदाबाद जाने वाली योगा एक्सप्रेस आदि हैं।

