- कुत्तों के भोंकने को लेकर कहासुनी के बाद किया हमला
जनवाणी संवाददाता |
शामली: शामली शहर के जैन मोहल्ला निवासी मुकेश जैन की कैराना रोड शांति केयर अस्पताल के पास दुकान व गोदाम हैं। शनिवार की शाम करीब पांच बजे मुकेश जैन अपनी दुकान पर बैठा था। इस दौरान मुकेश जैन की पत्नी व बेटा भी दुकान में ही थे। मुकेश जैन अपनी दुकान के बाहर कुत्तों को रोटी व बिस्किट आदि खिला रहा था। बताते हैं कि इस दौरान धीरसिंह और उनका बेटा अशोक निवासी रामपुरम कैराना रोड वहां पहुंचे तथा कुत्तों के भौंकने को लेकर मुकेश जैन से गाली गलौच करने लगे।
मुकेश जैन के विरोध करने पर पिता-पुत्रों ने अपने सात-आठ अन्य साथियों को बुला लिया तथा लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। मुकेश जैन की पत्नी व बच्चों ने डायल-112 पुलिस को फोन करके बुलाया तो आरोपी वहां से धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में पीड़ित मुकेश जैन ने कोतवाली में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।

