जनवाणी संवाददाता |
रटौल: रटौल गांव के शिव मंदिर में चल रही रामलीला का समापन शुक्रवार की रात श्रीराम के अयोध्या की गद्दी पर राजतिलक के साथ किया गया, जिसके बाद वहां भगवान श्रीराम के जयकारे लगने शुरू हो गए।
रटौल गांव के शिव मंदिर में चल रही रामलीला का समापन पर मंचन में रावण वध के बाद भगवान श्रीराम विभीषण का राजतिलक कर सिंहासन पर बैठाते हैं। विभीषण श्रीराम को लंका में रुकने के लिए निवेदन करते हैं। श्रीराम कहते हैं कि अगर समय बीतने पर अयोध्या न पहुंचे तो भरत को जीवित नहीं पाएंगे। इसलिए समय पर अयोध्या पहुंचना बहुत आवश्यक है। भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण व भगवान हनुमान पुष्पक विमान में बैठकर अयोध्या पहुंचते हैं।
अयोध्या में जोरदार स्वागत किया गया। जिला पंचायत सदस्य मनुपाल बंसल व खेकड़ा सीओ युवराज सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिपं सदस्य मनुपाल बंसल ने कहा कि रामलीला भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने की सीख देती है और हम सभी को उनके आदर्श जीवन में अपनाने चाहिए। इस मौके पर बृजलाल गांधी, रोशन गांधी, देवेंद्र अरोरा, संजय अरोरा, बंटी गुप्ता, लाला राकेश गुप्ता, प्रवीण, मानसिंह व लीलू आदि का सहयोग रहा।

