जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: एक अधिकारी के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट जो जेद्दा से कोझिकोड जा रही थी, ने गुरुवार को कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग की। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि लैंडिंग गियर और टायर फेल होने के कारण यह आपात लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में 160 यात्री सवार थे। कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (CIAL) ने एक बयान में बताया कि उसने एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 398 की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग में सफलतापूर्वक मदद की, जिसे लैंडिंग गियर और टायर की तकनीकी खराबी के कारण कोच्चि डायवर्ट किया गया था।
कोचीन एयरपोर्ट ने जारी किया बयान
बयान में कहा गया कि विमान सुबह 9.07 बजे सफलतापूर्वक कोचीन एयरपोर्ट पर उतरा। इस दौरान सभी आपात सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया था। घटना में किसी यात्री या क्रू के सदस्य को कोई चोट नहीं लगी। लैंडिंग के बाद की गई जांच में पता चला कि फ्लाइट के दाएं तरफ के टायर फट गए थे। इसके बाद जल्द ही रनवे को क्लीयर कराकर उड़ान सेवाओं को सामान्य कर दिया गया।

