- चोराखुर्द में किसानों की महापंचायत में गरजे राकेश टिकैत
जनवाणी संवाददाता|
गागलहेड़ी: चोरा खुर्द में भाकियू की महापंचायत में किसानों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही सैकड़ों की तादाद में ट्रैक्टर ट्रॉलियां ग्राउंड में पहुंचना शुरू हो गई थी। अपने नेताओं की झलक पाने के लिए किसान उतावले बैठे थे। लाखनौर में एक कार्यक्रम के बाद चौधरी राकेश टिकैत चोरा खुर्द पहुंचे। टिकैत के काफिले के पीछे दर्जनों गाड़ियां चल रही थीं। ग्राउंड में पहुंचने के बाद राकेश टिकैत का मंच पर भाकियू नेताओ ने फूल मालाओं से स्वागत किया। मंच से राकेश टिकैत ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। महापंचायत में राकेश टिकैत ने कहा कि एक बार फिर एक बड़े आंदोलन की तैयारी करनी है। सभी किसान भाई तैयारी कर लें। जिले की टीम ने राकेश टिकैत को 1 लाख 51 हजार की थैली दी और सम्मानित किया।
भाजपा ने सब बेच दिया: टिकैत
महापंचायत में राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने का वादा चुनाव में किया था, उस पर अमल नहीं हुआ है। पहले तीन क्विंटल गेहूं बेचने पर तीन तोला सोना मिलता था, अब किसान तीन क्विंटल तीन तोला सोना मांग रहा है। दो करोड़ नौकरियों का वादा किया और काम प्राइवेट कंपनियों को दिया जा रहा है, देश प्राइवेट मंडी बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने संघर्ष विराम की घोषणा की है, जबकि किसान सिर्फ तीन कानूनों की वापसी भार से मानने वाला नहीं है।
बड़े आंदोलन के लिए रहें तैयार
गागलहेड़ी: महापंचायत में किसानों को सबोंधित करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि एक ओर आंदोलन जल्द होने जा रहे जिसमें सभी किसान भाई ट्रैक्टरों के आगे बड़े बड़े बंपर लगा लें। क्योंकि यह ट्रैक्टर के पम्पर ही हमारे लिए टैंक का काम करेंगे। राकेश टिकैत ने यह भी कहा कि जैसे पंजाब में ट्रैक्टर का शौक आज कल के युवा रखते है। यहां भी रखें। ट्रैक्टर पर सवारी करें। आजकल की नौजवान पीढ़ी खेती से दूर भाग रही है, घर के मुखिया उन्हें समझाएं। अपने काम के बाद वह खेती पर भी थोड़ा ध्यान दें।
मंच से सब कुछ कह गए राकेश टिकैत
गागलहेड़ी: भारतीय किसान यूनियन (इङव) के नेता और प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि चुनाव में प्रदेश सरकार ने किसानों की बिजली फ्री देने का वायदा किया था। परन्तु फ्री बिजली की जगह विद्युत विभाग मीटर लगाने पर लगा है। उन्होंने किसानों को कहा कि जैसे मोटर स्टार्टर चोरी होते है, ऐसे ही मीटर चोरी की भी रिपोर्ट दर्ज कराओ। टिकैत ने कहा कि सरकार की किसानों की जमीनों पर नजर है। आरोप लगाया कि सरकार मंडियों को नुकसान पहुंचाने व मंडियों की जगह आरएसएस को देने की योजना बना रही है। टिकैत ने अग्निवीर योजना की निंदा करते हुए कहा कि यह योजना युवा के साथ धोखा है। किसान को संगठित रहना पड़ेगा, ट्रेक्टर में बम्पर लगाकर तैयार रहना। ट्रेक्टर ही टैंक का कार्य करेंगे, पंजाब के किसानों से सीख ले लो। संगठन की मजबूती के लिए उन्होंने 10 रु के सदस्य बनाने व दो दिन के शिविर लगाकर किसानों को जागरूक करने का आह्वान किया। क्षेत्रीय किसानों की मांग पर टिकैत ने दया शुगर प्रबन्धन को चेतावनी देते हुए कहा कि पेराई सत्र शुरू होने से किसानों का पिछला गन्ना भुगतान करें वरना किसानों को आंदोलन करने को कहा।
पुलिस रही चौकन्ना..
गागलहेड़ी: महापंचायत में दर्जनों पुलिसकर्मी सुरक्षा के लिए तैनात रहे। सीओ सदर, थानां प्रभारी, चौकी प्रभारी से लेकर दो दर्जन पुलिसकर्मी पंचायत में सुरक्षा पर निगाह टिकाए रहे। भगवापुर रोड पर पंचायत के दौरान भरी जाम की स्थिति बनी रही जिसपर पुलिस कर्मियों ने जाम खुलवाकर वाहनों को सुचारू कराया।
यह रहे मौजूद..
कार्यक्रम संयोजक जिला महासचिव जिले सिंह, मा रघुवीर सिंह, तहसील अध्यक्ष अनूप सिंह, डॉ नरेश, जिला प्रवक्ता गौरव यादव, ललित यादव, नरेश मांडेबाँस, बिट्टू मा रघुबीर वरिष्ठ महासचिव चौधरी अशोक प्रदेश महासचिव युवा विंग मेवाराम, युवा जिलाध्यक्ष अजय काम्बोज, मनोज चोधरी, शोनु गुर्जर, बबला, अनिल, अनूप, ललित, नितिन यादव, विक्रम सिंह, मुनव्वर, आदि मौजूद रहे।

