- सहारनपुर के युवक ने शामली के पते पर बनवाए पेपर
- वेरीफेशन की भनक लगते ही युवक ट्रेनिंग हुए थे फरार
जनवाणी ब्यूरो |
कांधला: जनपद सहारनपुर के एक युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर क्षेत्र के गांव मीमला के पते पर अपने फर्जी कागजात तैयार करा लिए। युवक कई माह पूर्व आर्मी में भर्ती भी हो गया। आर्मी यूनिट ने युवक के कागजों की जांच की तो कागज फर्जी निकले। इस मामले में पुलिस ने युवक और उसके दोस्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों युवकों को जेल भेज दिया है।
जनपद सहारनपुर के थाना गंगोह क्षेत्र के गांव मोहनपुरा निवासी प्रशांत पुत्र संजय के मामा क्षेत्र के गांव मीमला में रहते हैं। युवक प्रशांत ने गांव दुधला, थाना गंगोह के साथ मिलकर क्षेत्र के गांव मीमला के पते पर अपने कागजात तैयार कराए थे। युवक कई माह पूर्व आर्मी में भर्ती हो गया था, और उत्तर प्रदेश के फतेहगढ में ट्रेनिंग कर रहा था।
आर्मी यूनिट के द्वारा आर्मी में भर्ती हुए जवानों की वेरीफिकेशन कराई गई तो जांच स्थानीय थाने पहुंची। स्थानीय पुलिस ने गांव मीमला पहुंचकर प्रशांत के बारे में जानकारी की तो गांव में प्रशांत नाम का कोई युवक नहीं मिला। स्थानीय पुलिस ने जांच कर रिपोर्ट आर्मी यूनिट को भेज दी थी।
इसी बीच युवक प्रशांत ट्रैनिंग को बीच में हीं छोड़कर फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस ने प्रशांत व उसके दोस्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी थी। गुरुवार को पुलिस ने दोनों युवकों को गंगोह से गिरफ्तार कर लिया, और थाने ले आई। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार युवकों को जेल भेज दिया है।
एसओ कांधला कर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रशांत ने अपने दोस्त के साथ मिलकर फर्जी कागजात तैयार कराकर आर्मी में भर्ती हुआ था। युवक और उसके दोस्त को जेल भेज दिया गया है।

