- एचओडी डा. हेमंत पांडेय के सिर में र्इंट मारकर कर दिया था गंभीर रूप से घायल
- पुलिस ने आरोपी को बुलंदशहर से दबोचा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मेरठ कॉलेज के चीफ प्रॉक्टर और डिफेंस स्टडीज विभाग के एचओडी डॉ. हेमंत पांडेय पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी छात्र को पुलिस ने बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार शाम कॉलेज की पार्किंग में छात्र ऋषभ जाखड़ ने नशे की हालत में डॉ. पांडेय के सिर पर र्इंट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हमले में डॉ. पांडेय बुरी तरह घायल हो गए थे।
पुलिस ने धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। डॉ. पांडेय के सिर में चोट के कारण छह टांके लगे हैं। प्रो. हेमंत पांडेय कॉलेज कैम्पस में ही रहते हैं। गुरुवार को कॉलेज खत्म होने के बाद वो पार्किंग में अपनी स्कूटी लेने पहुंचे। तभी घात लगाए बैठे ऋषभ ने पीछे से उनके सिर पर र्इंट से वार कर दिया। र्इंट का नुकीला हिस्सा प्रो. पांडेय के सिर में पीछे की तरफ अंदर घुस गया। र्इंट घुसने से उनके सिर से खून बहने लगा और काफी चोटें आई थी।
कॉलेज में दो छात्र गुटों का आपस में किसी बात पर विवाद हुआ। इस विवाद में कुछ बाहरी छात्र भी आ गए। इसमें एक युवक शराब के नशे में था। चूंकि आज कॉलेज में एडमिशन का भी अंतिम दिन था। तभी उन पर हमला हुआ। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस से एक धारा और बढ़ाकर कोर्ट में पेश करने को कहा गया है।
याकूब कुरैशी पर 50 हजार का इनाम करने की तैयारी
अलफहीम मीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड में गैर कानूनी तरीके से हो रही मीट पैकेजिंग के मामले में फरार चल रहे गैंगस्टर के आरोपी 25 हजार के इनामी पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी और उसके बेटे इमरान कुरैशी पर पचास हजार का इनाम करने की तैयारी शुरू हो गई है। एसएसपी ने खरखौदा थाना प्रभारी को रिपोर्ट तैयार करने को कहा है।
पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के गिरफ्तार बेटे फिरोज के बाद अब पुलिस का पूरा फोकस याकूब और इमरान पर आ गया है। पुलिस दोनों को पकड़ने के लिये दिल्ली में डेरा डाले हुए है। याकूब की पत्नी शमजिदा की भी तलाश की जा रही है। एक मामले में शमजिदा को अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि गैंगस्टर एक्ट के मामले में वह भी वांछित चल रही है।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि याकूब और इमरान पर इनाम बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। याकूब पर इनाम बढ़ाने के लिये एडीजी स्तर पर कार्रवाई होगी। इसके लिये एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने तैयारी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि बहुत जल्द याकूब पर इनामी राशि बढ़ जाएगी।

