जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शाम ढलते ही शहर की पुलिस ने चौराहों पर चेकिंग शुरू कर दी। रेलवे रोड, सदर बाजार, नौचंदी, लालकुर्ती आदि तमाम इलाकों में बगैर मास्क आवाजाही करने वालों की जमकर खबर ली। रेलवे रोड पुलिस ने डीएन चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। लोगों को मास्क लगाने व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की हिदायत नसीहत भी दी। कुछ लोग ऐसे भी थे जिन पर मास्क खरीदने तक के पैसे नहीं थे।
रेलवे रोड थाना के धर्मेंद्र ने ऐसे लोगों को अच्छी क्वालिटी के मास्क के लिए अपनी जेब से पैसे भी दिए। जिन्हें बगैर चालान के छोड़ा गया उन्हें मास्क पहनकर आने की हिदायत दी गयी। इंस्पेक्टर थाना सदर बाजार बिजेन्द्र पाल राणा ने शाम ढलते ही मयफोर्स के पूरे क्षेत्र में गश्त की।
सदर बाजार में जो लोग बगैर मास्क और भीड़ में नजर आ रहे थे उन्हें जमकर फटकार लगायी। सदर से पैदल ही बोम्बे बाजार व आबूलेन होते हुए बेगमपुल चौराहा पर पहुंचे। यहां काफी देर तक मास्क चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने व्यापारियों से भी बगैर मास्क आने वालों को सामान न देने की अपील की। हापुड स्टैंड चौराहा व बच्चा पार्क पर भी मास्क चेकिंग का अभियान चलाया।
नौचंदी पुलिस ने शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में चेकिंग अभियान चलाया। बगैर चेकिंग घूमने वालों को कड़ी फटकार लगायी। कुछ के चालान भी काटे गए। लोगों को मास्क के फायदे और बगैर मास्क घूमने के नुकसान भी बताए।
पूरे महानगर में जगह-जगह पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। कंट्रोल रूम पर चेकिंग अभियान की रिपोर्ट तलब की जाती रही। दूसरे दिन भी चेकिंग अभियान का असर भी नजर आने लगा है। अब लोग काफी संख्या में मास्क के साथ ही निकल रहे हैं।

