- आजादी के अमृत महोत्सव में फिर मिली आशाओं को अतिरिक्त जिम्मेदारी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: गांव की आशाएं अब अपने क्षेत्रों में घूमकर लोगों को इस बात के लिए प्रेरित करेंगी कि वह आजादी के अमृत महोत्सव के तहत घरों पर तिरंगा फहराएं। तिरंगा फहराने के साथ-साथ फिर वो अपने मोबाइल से इसकी सेल्फी लें और फिर इसे सोशल मीडिया पर शेयर करें।
आशा बहन को मिले इस अतिरिक्त काम के लिए कोई अतिरिक्त पैसा नहीं मिलेगा। इस मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी के माध्यम से एक पत्र सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के अध्यक्षों व प्रभारियों को भेज दिया गया है। इस पत्र में यह भी निर्देश दिए गए हैं कि स्वतंत्रता दिवस के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत सभी प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ साथ सभी स्वास्थ्य उपकेन्द्रों व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर भी तिरंगा फहराया जाएगा।

इसके लिए बाकायदा सभी की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसको लेकर गांवों में इस अमृत महोत्सव को उत्सव की तरह मनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की आशा बहनों की मदद ली जा रही है। सभी आशाओं को टारगेट दिए गए हैं। कहा गया है कि प्रत्येक आशा अपने अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर ग्रामीणों को इस बात के लिए जागृत करेगी कि वो स्वतंत्रता दिवस के अमृत महोत्सव के तहत घरों पर तिरंगा फहराएं।
एक आशा को कम से कम पांच लोगों को प्रेरित कर उनसे तिरंगा फहरवाने के लिए कहा गया है। आशाओं के इस कार्य में संबधित एएनएम भी उनकी मदद करेंगी। इस आदेश में यह भी कहा गया है कि तिरंगा फहराते हुए आशा बहन जी इसकी सेल्फी लें और फिर इसे सोशल मीडिया पर शेयर करें। कहा गया है कि झंडे खरीदने के लिए आशाएं अपने निकटतम सहायता समुहों अथवा गांधी आश्रम से सम्पर्क कर झंडों का इंतेजाम करें।

