जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: स्थानीय नगर पंचायत कार्यालय पर आयोजित एक कार्यक्रम में महान क्रांतिकारी स्वर्गीय अशफाक उल्ला खां को याद किया गया।
गुरुवार को नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में क्रांतिकारी अशफाक उल्ला खां के जीवन पर प्रकाश डालते हुए चेयरमैन अब्दुल समद ने कहा कि अशफाक उल्ला खां के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। सपा नेता सैयद रिहानुद्दीन ने काकोरी कांड का वर्णन करते हुए उनके बलिदान पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अशफाक उल्ला और रामप्रसाद बिस्मिल की भूमिका सांप्रदायिक सद्भाव का अनुपम आख्यान है। अशफाक उल्ला ख़ां के जन्मदिवस पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए तथा उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर सभासद दयाचंद अकरम, जहीरूद्दीन, जमील उस्मानी, मतलूब, शाहनवाज, शमीम अलवी, आस मोहम्मद आदि गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

