जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बुधवार को विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में गोरखपुर जनपद के विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र कैम्पियरगंज से निर्वाचित फतेह बहादुर सिंह, कानपुर के विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र गोविंद नगर सुरेन्द्र मैथानी, हरदोई के विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र बिलग्राम-मल्लावां से निर्वाचित आशीष कुमार सिंह एवं इटावा के विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र जसवन्तनगर शिवपाल सिंह यादव को विधानसभा की सदस्यता की शपथ दिलायी।
सभी विधायकों ने विधान सभा अध्यक्ष के समक्ष उपस्थित होकर शपथ ग्रहण किया। विधान सभा अध्यक्ष ने उन्हें संविधान, विधान सभा कार्य संचालन नियमावली भेंट की। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष ने सभी विधायकों को बधाई देते हुए कहा कि वह विधान सभा में एक जागरूक एवं सफल विधायक के रूप में कामयाब एवं यशस्वी हो।
साथ ही सदन में होने वाले वाद-विवाद में हिस्सा लेकर अपने क्षेत्र की जनता के जनहित की समस्याओं के निराकरण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाये। इस अवसर पर प्रमुख सचिव, विधानसभा प्रदीप कुमार दुबे व अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

