- परिजनों ने लगाया होने वाले पति व रिश्तेदार पर हत्या का आरोप
जनवाणी संवाददाता |
हल्दौर: थाना क्षेत्र के ग्राम बलदिया में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती के परिजनों ने परिवार के ही एक युवक सहित युवती के होने वाले पति पर उत्पीड़न करके आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भिजवा दिया है।
ग्राम बलदिया निवासी मरहूम सरवीन सिंह की 24 वर्षीय पुत्री मीना का विवाह स्योहारा निवासी विक्की पुत्र राकेश से तय हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार युवती के परिवार का अपने कटुम्ब के कुछ लोगों से काफी समय से विवाद चल रहा है।
युवती के भाई सोनू के अनुसार युवती का विवाह लॉकडाउन पीरियड में होना था जिसे करोना संक्रमण के कारण स्थगित कर दिया गया था। अब कुछ ही दिनों में युवती की शादी होनी थी। आरोप है कि युवती के चचरे भाई हिर्देश पुत्र सनीराम ने रंजिशन अपने परिजनों के साथ मिलकर युवती की होने वाली ससुराल में फोन कर युवती पर उल्टे सीधे आरोप लगाते हुए उसका रिश्ता तुड़वा दिया था।
युवती के भाई का आरोप है कि चचेरे भाई हिर्देश व उसके परिजन युवती की होने वाली ससुरालियों से हमसाज होकर लगातार उसका मानसिक उत्पीड़न कर रहे थे। उनके उकसावे पर युवती ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजनों के अनुसार बुधवार देर शाम युवती की हालत बिगड़ने पर वे उसे जिला मुख्यालय स्थित एक नर्सिंग होम पर ले गए जहां उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया।
परिजन युवती का शव लेकर रात में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ हल्दौर थाने पहुंचे और हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करने लगे। प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह के अनुसार प्रथम द्रष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। युवती के शव को पीएम के लिए भिजवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पीएम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। अभी तक मामले की तहरीर नही मिली है।

