दैनिक जनवाणी डॉटकॉम विशेष रिपोर्ट
नमस्कार! दैनिक जनवाणी डॉटकॉम पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री काजोल इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘मां’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। यह फिल्म दर्शकों के बीच खासा उत्साह पैदा कर रही है, और काजोल भी इसके लिए काफी उत्साहित नजर आ रही हैं। हाल ही में प्रमोशन के दौरान उन्होंने कई विषयों पर बातचीत की, जिनमें उनकी बेटी नायसा देवगन का भविष्य भी शामिल रहा।
नायसा फिल्मों में डेब्यू करेंगी?
प्रमोशन के दौरान दिए गए एक इंटरव्यू में जब काजोल से पूछा गया कि क्या उनकी बेटी नायसा भी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखेगी, तो इस पर उन्होंने स्पष्ट जवाब दिया। काजोल ने कहा, “नहीं, मुझे नहीं लगता कि वह ऐसा करेंगी। उसे फिल्मों में कोई खास दिलचस्पी नहीं है। मैं अपने परिवार के सभी बच्चों से प्यार करती हूं और चाहती हूं कि वे वही करें, जो उन्हें खुशी और सफलता दे।”

बच्चों को नहीं पसंद मां को रोते देखना
बातचीत के दौरान काजोल ने यह भी बताया कि उनके बच्चों को उनकी फिल्मों में उनका भावुक अवतार बिल्कुल पसंद नहीं आता। उन्होंने हंसते हुए कहा,
“मेरे बच्चों को मेरी पिक्चरें पसंद नहीं आती क्योंकि उनमें मुझे रोना पड़ता है। नायसा और युग जब मुझे स्क्रीन पर रोते हुए देखते हैं, तो वे घबरा जाते हैं। मैंने उन्हें समझाया कि यह सब अभिनय है, लेकिन उन्हें यह समझना मुश्किल लगता है।”
फिल्म ‘मां’ की कहानी और रिलीज डेट
‘मां’, सुपरहिट फिल्म ‘शैतान’ के ब्रह्मांड की अगली कड़ी है। यह एक मां की कहानी है जो अलौकिक ताकतों से लड़ते हुए अपने बच्चे की रक्षा करती है। फिल्म में काजोल के साथ रोनित रॉय, इंद्रनील सेनगुप्त, जितिन गुलाटी, गोपाल सिंह, सूर्यसिखा दास, यानि भारद्वाज, रूपकथा चक्रवर्ती और खेरिन शर्मा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म निर्माण?
फिल्म का निर्माण अजय देवगन, ज्योति देशपांडे और जियो स्टूडियो ने मिलकर किया है। यह फिल्म 27 जून 2025 को हिंदी, तमिल, तेलुगु और बंगाली भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

