- वेस्ट यूपी में गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, उमस भरी गर्मी बनी लोगों के लिए मुसीबत, अब बीमारी फैलने का भी है अंदेशा
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: वेस्ट यूपी में इस बार गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। क्योंकि उमस भरी गर्मी ने लोगों को पसीना-पसीना कर दिया है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि कल से हल्की बूंदाबांदी शुरू होगी और नौ जुलाई को बारिश तेज होगी। हल्की धूल भरी आंधी भी चलेगी, लेकिन जुलाई के महीने में इस बार कई वर्ष के गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। तपती गर्मी से लोग बीमार हो रहे हैं।
उमस ज्यादा होना गर्मी के प्रकोप को बढ़ा रहा है। अगर यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में और मुश्किल हो जाएगी, लेकिन मौसम में परिवर्तन के संकेत जरूर मिल रहे हैं। वैज्ञानिकों का यह भी कहना है कि उमस भरी गर्मी जहां लोगों को बीमार करेगी। वहीं, उल्टी दस्त के साथ वायरल के प्रकोप को भी बढ़ाएगी। खाज और खुजली का भी इस महीने की गर्मी में असर देखा जाएगा।

जिस तरह से मौसम में बदलाव हो रहा है। उससे साफ जाहिर हो रहा है कि आने वाले दिनों में अगर गर्मी का रुख कम नहीं हुआ तो लोग बीमारी का शिकार हो जाएंगे। मौसम में परिवर्तन इसलिए भी इस बार खास देखा जा रहा है कि ग्लोबल वार्मिंग सिस्टम में तब्दीली साफ नजर आ रही है। जिसके चलते लोगों को परेशानी हो रही है। राजकीय मौसम वैधशाला पर गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम आर्द्रता 72 एवं न्यूनतम आर्द्रता 53 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा का रुख शांत रहा। जिससे मौसम में उमस का प्रकोप बना रहा। मौसम वैज्ञानिक कृषि विवि के डा. उदय प्रताप शाही का कहना है कि मौसम में उमस का असर रहने से अब बीमारी बढ़ने के संकेत है। हालांकि अगले दो-तीन दिन में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। यह गर्मी वेस्ट यूपी के लोगों को परेशानी में डाल रही है। इसलिए इस गर्मी से बचने के लिए बेहद जरूरी है कि हमें बचाव रखना चाहिए।

