- जिले के खिलाड़ियों में बढ़ रहा गेंदबाजी का क्रेज
- एमडीसीए के पिछले कई ट्रायल्स में गेंदबाजों की संख्या रही है अधिक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शहर के गेंदबाजों ने देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक अपनी धाक जमाई है। फिर चाहें वह प्रवीण कुमार हों या फिर भुवनेश्वर कुमार, मेरठ के गेंदबाजों का डंका क्रिकेट में अंतर्राष्ट्रीय फलक तक बजा है। वहीं, शहर में गेंदबाजी का ही क्रेज अब देखने को मिल रहा है।
खिलाड़ी बल्लेबाजी से ज्यादा तरजीह गेंदबाजी को देते नजर आ रहे हैं। हालांकि शहर में बेहतरीन बल्लेबाजों की भी कोई कमी नहीं है, लेकिन एमडीसीए द्वारा आयोजित किए गए पिछले कुछ ट्रायल्स ने यह साबित कर दिया है।
मेरठ के प्रवीण कुमार, भुवनेश्वर कुमार, सुदीप त्यागी और कर्ण शर्मा जैसे गेंदबाजों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना जलवा दिखाया है। वहीं, अब कार्तिक त्यागी भी आईपीएल के बाद आॅस्ट्रेलिया रवाना हो चुके हैं और टीम इंडिया में दस्तक देने को तैयार हैं।
साथ ही युवा गेंदबाज पूर्णांक त्यागी का भी जलवा हाल ही में चैपियंस ट्रॉफी के दौरान देखने को मिला था। इन्हीं सब के बीच मेरठ जिले में युवा खिलाड़ियों के भीतर गेंदबाजी का क्रेज भी बढ़ने लगा है। हालांकि प्रियम गर्ग, समीर रिजवी जैसे बेहतरीन बल्लेबाज भी शहर ने दिए हैं, लेकिन फिर भी गेंदबाजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। भामाशाह पार्क में होने वाले चयन में भी बल्लेबाजों से ज्यादा गेंदबाज ही ट्रायल देने पहुंच रहे हैं।
मेरठ जिला क्रिकेट संघ द्वारा पिछले आयोजित ट्रायल्स में देखने को मिला है बल्लेबाजी से ज्यादा गेंदबाजों की संख्या अधिक रही है। इससे ये साफ है कि शहर के खिलाड़ी भुवी और कार्तिक बनने की राह पर निकलना चाहते हैं। बताते चलें कि आईपीएल में भी कार्तिक त्यागी की गेंदबाजी को काफी सराहना मिली थी, जिसमें बेन स्टोक्स ने ट्वीट करते हुए उनके रनअप की तुलना ब्रेट ली से की थी। इन्हीं सबके कारण भी गेंदबाज बनने की प्रेरणा युवा क्रिकेटर ले रहे हैं।
एमडीसीए के ट्रायल्स में बढ़ रही गेंदबाजों की संख्या
जिला क्रिकेट संघ द्वारा लॉकडाउन के बाद ट्रायल कराए जा रहे हैं। हाल हीं में एमडीसीए द्वारा अंडर-23 के ट्रायल आयोजित किए गए। जिसमें बल्लेबाजों से अधिक गेंदबाज देखने को मिले। ट्रायल्स में कुल 53 गेंदबाज पहुंचे। जिसमें 17 स्पिनर और 36 पेसर शामिल रहे। जबकि यहां बल्लेबाजों की संख्या 35 रही। इसके अलावा पूर्व में हुए अंडर-14 के दो दिवसीय ट्रायल्स में भी बल्लेबाजों से अधिक गेंदबाज शामिल हुए थे।

