नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। सावन माह के अवसर पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच मनसा देवी मंदिर मार्ग पर रविवार को भीषण भगदड़ मच गई। इस हादसे में अब तक 6 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसा सुबह के समय उस वक्त हुआ, जब मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर हजारों श्रद्धालु एक साथ मौजूद थे। भीड़ में अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे लोग गिरने लगे और भगदड़ की स्थिति बन गई। मौके पर पुलिस, प्रशासन और मेडिकल टीमें पहुंच गई। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है।
बताया जा रहा है कि, रविवार सुबह करीब नौ बजे के आसपास मंदिर की चढ़ाई कर रहे श्रद्धालुओं के बीच किसी ने करंट फैलने की अफवाह फैला दी, जिससे श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी में लोग एक-दूसरे पर गिर गए। चीख-पुकार के बीच कई श्रद्धालु दब गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन हादसे के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
भगदड़ में 35 श्रद्धालुओं को अस्पताल में कराया भर्ती
एसएसपी ने बताया कि हादसे में घायल हुए कुल 35 श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल में लाया गया है, जिसमें भगदड़ में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि अन्य लोग घायल हैं। जिनमें से गंभीर अवस्था वाले मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।
भगदड़़ पर सीएम धामी ने जताया दुख
हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।
पीएम मोदी ने भगदड़ पर जताया दुख
मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुखी हूं। अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।
मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख देने की घोषणा
हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ में छह लोगों की मौत हो गई। हादसे पर सीएम धामी ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने हादसे के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

