जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी ज़िले के नागराकाटा इलाके में शनिवार को भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर जानलेवा हमला हुआ। वे वहां बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित लोगों की मदद के लिए पहुंचे थे। भाजपा का आरोप है कि यह हमला टीएमसी के गुंडों द्वारा किया गया और राज्य सरकार ऐसे हमलों को प्रायोजित कर रही है।
हमले के बाद सांसद खगेन मुर्मू को खून से लथपथ हालत में देखा गया। उनके साथ मौजूद कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भी हमला हुआ। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं, क्योंकि हमले पुलिस की मौजूदगी में हुए।
भाजपा ने ममता सरकार पर जमकर बोला हमला
भाजपा के राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी अमित मालवीय ने एक्स (Twitter) पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा “बंगाल में टीएमसी का जंगलराज! सांसद खगेन मुर्मू पर उस समय हमला किया गया जब वे दुआर्स क्षेत्र में राहत कार्यों में लगे थे। ममता बनर्जी कोलकाता में जश्न मना रही थीं, जबकि भाजपा नेताओं पर हमला हो रहा था। यह वही बंगाल है जहां दया की सज़ा मिलती है और क्रूरता का बोलबाला है।”
शुभेंदु अधिकारी: “ममता बनर्जी दहशत में हैं”
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने घटना को लेकर ममता बनर्जी पर सीधा हमला बोला और कहा “जब उत्तर बंगाल बाढ़ और भूस्खलन से जूझ रहा था, तब ममता बनर्जी ‘सेलिब्रिटीज़ के साथ कार्निवल में नाच’ रही थीं। अब जब उन्हें जनता के गुस्से का अंदाजा हुआ है, तो उन्होंने ‘विशेष समुदाय’ से जुड़े उपद्रवियों को भाजपा नेताओं पर हमला करने के लिए उकसाया है।”
उन्होंने आगे कहा कि खगेन मुर्मू पर बेरहमी से हमला किया गया और विधायक डॉ. शंकर घोष के वाहन पर भी हमला हुआ। शुभेंदु अधिकारी ने इस मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय, गृह मंत्रालय, लोकसभा अध्यक्ष और राज्यपाल को भी टैग करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी ममता बनर्जी पर कसा तंज
बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने हमले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा “नागराकाटा में सांसद खगेन मुर्मू पर टीएमसी के उपद्रवियों ने हमला किया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कल भी जश्न में व्यस्त थीं और आज उनकी पार्टी के कार्यकर्ता राहत कार्यों में लगे लोगों पर हमला कर रहे हैं। राज्य में कानून का नहीं, उपद्रवियों का राज है।”
क्या कहती है प्रशासन?
घटना के बाद अब तक टीएमसी या राज्य सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, भाजपा ने मांग की है कि राज्यपाल इस पर तत्काल संज्ञान लें और केंद्र सरकार इस मामले में कड़ी कार्रवाई करे।
उत्तर बंगाल में बाढ़ और भूस्खलन से तबाही
हाल ही में पश्चिम बंगाल के उत्तर जिलों, विशेषकर जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी बारिश और भूस्खलन से जन-धन की भारी क्षति हुई है। हजारों लोग बेघर हो चुके हैं और राहत कार्य जारी हैं। इसी क्षेत्र में पहुंचकर सांसद खगेन मुर्मू ग्राउंड पर राहत का जायज़ा ले रहे थे, तभी यह हमला हुआ।

