- आधा दर्जन से अधिक घायलों की हालत गंभीर
जनवाणी ब्यूरो |
मुजफ्फरपुरः बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार की सुबह बॉयलर ब्लास्ट होने से फैक्ट्री में काम करने वाले पांच मजदूरों की मौत हो गई। वहीं आधा दर्जन से अधिक मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं जिन्हें इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास की फैक्ट्रियों को भी नुकसान पहुंचा है। बगल की चूड़ा और आटा फैक्ट्री भी क्षतिग्रस्त हो गई। उसके अंदर काम कर रहे दो लोगों के भी घायल होने की सूचना है। घटना सुबह करीब 10 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
इधर, सूचना मिलने के बाद मुजफ्फरपुर के एसएसपी जयंतकांत दल-बल के साथ पहुंचे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। खबर लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। घटना के कारणों का भी पता नहीं चल सका है। बता दें कि बेला थाना अंतर्गत बेला फेज-2 में यह नूडल्स फैक्ट्री है। फिलहाल मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुंची हैं। आसपास के लोगों का कहना है कि धमाका काफी जबरदस्त था। धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल गए।
एक शख्स मोहम्मद आबिद ने कहा कि घटना ऐसी है कि किसी का सिर गायब है तो किसी का धर नहीं है। अभी भी चार से पांच लाश मलबे के अंदर दबी है। जेसीबी आ रही है इसके बाद मलबे को हटाकर लाश निकाली जाएगी।
ठंड के कारण फैक्ट्री में कम थे मजदूर
बताया जा रहा है कि नूडल्स की फैक्ट्री में ठंड के कारण मजदूरों की संख्या कम थी। आज सुबह में करीब 50 से 60 लोग फैक्ट्री में काम कर रहे थे। अगर, ठंड नहीं होती तो करीब 300 मजदूर काम करते।

