- राष्ट्रीय परशुराम सेना ब्रह्म वाहिनी के ब्राह्मण महाकुम्भ में कई विभूतियों का हुआ सम्मान
जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: राजधानी के विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित विशाल ब्राह्मण महाकुंभ में राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण बदला लेने का कार्य नहीं करता बल्कि बदलाव लाने का कार्य करता है। उन्होंने ब्राह्मण एकता का एहसास करते हुए कहा कि हम जहां हैं विजय वहीं पर है। यह सम्मेलन नहीं शंखनाद है, जो फिर से पूरे देश में कमल खिलाने को बेताब है।
डॉ शर्मा ने विरोधी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि वोट का सीजन राम और सनातन के विरोधियों को भी राम राम करने को मजबूर कर रहा है। राम भक्तों पर गोली चलवानें वाली समाजवादी पार्टी के नेता इटावा में मंदिर बनवा रहे हैं। आजकल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के माथे पर चन्दन है पर दिल में क्रन्दन है कि जनता क्यों कर रही मोदी का वंदन है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उनके सहयोगी सनातन का लगातार अपमान कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि कांग्रेस के संरक्षण में सनातन के अपमान की उसके सहयोगियों के बीच एक प्रतिस्पर्धा सी चल रही है। कांग्रेस खुद ही राम के अस्तित्व पर सवाल उठा चुकी है और उसके सबसे घनिष्ठ सहयोगी डीएमके के बड़े नेता सनातन की तुलना कोरोना जैसी महामारी से करते हैं तथा इसे समाप्त करने की बात करते हैं।
कांग्रेस के दूसरे सहयोगी सपा के लोग तो हिन्दू धर्म को धोखा ही कहने लगे थे। विपक्ष की इन टिप्पणियों को घटिया बताते हुए कहा कि कोई सनातन को समाप्त नहीं कर सकता है।
डॉ शर्मा ने कहा कि सनातन का अर्थ ही राष्ट्र को जोड़ने से है। अब जब जनता ने तय कर लिया है कि जो राम को लाए है हम उनको ही लाएंगे। इसके बाद मंदिर निर्माण का विरोध करने वाले भगवान राम के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। ऐसे लोग ध्यान रखे कि जो राम, सनातन और देश का नहीं हो सकता है वह इस देश की जनता का भी नहीं हो सकता है। जो देश की जनता का नहीं हो सकता उसे सत्ता में आने का अधिकार नहीं है।
इस देश की सेवा का अधिकार उसे ही है जो भगवान राम की सेवा करें। प्रधानमंत्री ने ही समाज की भव्य राम मंदिर की भावना को साकार स्वरूप दिया है। उन्होंने कहा कि ब्रह्म समाज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को एक मजबूत राष्ट्र बनाने व दुनिया के नेतृत्वकर्ता के रूप में स्थापित करने के लिए संकल्पित है।
राष्ट्रीय परशुराम सेना ब्रह्म वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल तिवारी ने सभी का स्वागत करते हुए ब्राह्मण समाज की एकजुटता पर बल दिया वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विप्र आयोग व सवर्ण आयोग के गठन की मांग भी रखी। कार्यक्रम में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी देश दीपक त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश मिश्रा उर्फ बाल्टी बाबा ने की वही कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ दिनेश शर्मा रहे।
विभिन्न क्षेत्रों से कई गणमान्य हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। जिसमें पत्रकारों की श्रेणी में सर्व श्री सूर्य प्रकाश शुक्ला विजय कुमार त्रिपाठी, आलोक त्रिपाठी, आलोक द्विवेदी, समाजसेवक के रूप में अनुराग मिश्रा अनु पूर्व पार्षद एवं शैलेंद्र तिवारी पूर्व पार्षद महिलाओं में सरल शर्मा रजनी तिवारी एवं विनोद त्रिपाठी आदि को सम्मानित किया गया।
वहीं कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रख्यात ज्योतिषाचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा एवं आरएलडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे, भाजपा नेता रवि राजीव मिश्रा, प्रख्यात कवि पंकज प्रसून,वरिष्ठ अधिवक्ता परेश मिश्रा अधिकारी गणमान्य ब्राह्मण वर्ग के मनीषी शामिल हुए।
इस दौरान राजनीतिक बयान बाजी के लिए कांग्रेस के पूर्व पार्षद शैलेंद्र तिवारी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के बयानों की निंदा भी की। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक मंच नहीं इसीलिए यहां वर्ग विशेष के अलावा राजनीतिक बयान बाजी से उन्हें बचाना चाहिए था।

