- वारदात सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद, दो युवक दबोचे
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: शहर के बडी माता मंदिर में देर रात्रि चोरों ने दानपात्र के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरी की घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो जाने से पुलिस ने दानपात्र चोरी करने वाले दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
बुधवार सवेरे शहर कोतवाली क्षेत्र के बडी माता मंदिर के पुजारी जब मंदिर खोलने के लिए पहुंचे तो मंदिर के बाहर से दानपात्र गायब देख उनके होश उड़ गए। पुजारी ने मामले की सूचना प्रबंधक समिति के पदाधिकारियों नीरज संगल व देवानंद गौड को दी।
सूचना पर पहुंचे पदाधिकारियों ने मंदिर जाकर देखा तो बडी माता मंदिर का दानपात्र गायब था, जो चोरों द्वारा बराबर में गली नगर पालिका की टयूवैल में पडा मिला। जबकि शनिदेव महाराज के दानपात्र का ताला तोडकर नकदी चोरी की गई थी।
मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष देवानंद गौड ने कोतवाली पुलिस को चोरों के खिलाफ कार्यवाही किए जाने की मांग की। पुलिस ने मौके पर जाकर मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो चोर चोरी की घटना को अंजाम देते हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद मिले। पुलिस ने शहर के मौहल्ला शांतिनगर निवासी विशाल व गऊशाला रोड निवासी बबलू को हिरासत में लिया है, जिनके पास से चोरी की नकदी भी बरामद की गई।

