- एसडीएम व पीएनसी अधिकारियों ने की कार्यवाही
जनवाणी संवाददाता |
शेरकोट: हाईवे निर्माण में अवरोध उत्पन्न कर रहे कई भवनों को एसडीएम व पीएनसी अधिकारियों की मौजूदगी में जमीदोज कर दिया गया। जिसका भवन स्वामियों ने विरोध करना चाहा, मगर प्रशासन की सख्ती के आगे बेबस रहे। पीएनसी अधिकारियों का कहना था कि मुआवजा लेने के बाबजूद इन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। जबकि भूस्वामियों का आरोप है कि उन्हें कोई समय नहीं दिया गया।
शुक्रवार को दोपहर लगभग 11 बजे एसडीएम धामपुर व पीएनसी अधिकारी पीएस पांडे के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ पीएनसी कर्मी बुल्डोजर लेकर टैम्पू स्टैंड पहुंचे। यहां मौजूद बबलू ट्रांसपोर्ट के स्वामी की मौजूदगी में वहां रखा सामान बाहर निकलवाकर उस भवन को धराशाही किया।

इसके बाद काफिला आगे बढ़ा और पेट्रोल पंप के पास स्थित अमर वेंकट हाल, सहित कई भवनों पर बुल्डोजर चलवा कर इन्हें भी जमीदोज किया गया। इस मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद था। अचानक हुई इस कार्यवाही से लोगों में हड़कम्प मच गया।


