- पशुचर भूमि को भी कराया गया खाली, कई जगह किये गए थे अवैध कब्जे
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के लिए समाज सेवी दारा सिंह की अवैध कॉलोनी चुनौती बनी हुई थी। दो बार बैरंग लौटने के बाद गुरुवार की सुबह मेडा इंजीनियरों की टीम ने पांच बुलडोजर व फोर्स साथ लेकर अचानक धावा बोल दिया। टीम ने पूरी कॉलोनी को जमीदोंज कर दिया।
पांच बुलडोजर ध्वस्तीकरण करने के लिए लगाये गए थे। जब तक दारा सिंह को इसका पता चलता, उससे पहले ही मेडा की टीम पूरी कॉलोनी को ध्वस्त कर वापस मेडा आॅफिस लौट आई। अब्दुल्लपुर से आगे देव रेंजीडेंसी कॉलोनी अवैध रूप से विकसित की जा रही थी, जिसे प्राधिकरण ने गिरा दिया। इसमें दारा सिंह के खिलाफ भावनपुर थाने में सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का मामला भी दर्ज हैं।
इसके अलावा मेडा टीम ने जोन-बी में, जोन बी-2 में सुरेश, विनेश पुत्रगण वीर सिंह, रमेश कुमार व अनिल कुमार आदि द्वारा खसरा संख्या-1472, 1473, 1495, 1496 व 1497 आदि ग्राम दुल्हैड़ा चौहान उदय सिटी के पीछे पल्लवपुरम फेज-2, मेरठ पर लगभग 11000 वर्ग मी. में अवैध कॉलोनी विकसित की गयी थी। अवैध कॉलोनी की सड़क, खड़ंजा, सीवर, मैनहॉल, साइट आॅफिस व प्लाटिंग की गयी बाउंड्रीवाल आदि को ध्वस्त कर दिया।

साथ ही पशुचर भूमि पर किये गये अतिक्रमण को भी हटाया गया। जोन बी-2 में बालेश्वर पुत्र हुकुम सिंह, महावीर, धर्मपाल, राजपाल सिंह, अनुराग व संजय आदि द्वारा खसरा संख्या-1474, 1476, 1477, 1478, 1480, 1481, 2905 व 2907 आदि ग्राम दुल्हैड़ा चौहान उदय विहार के पीछे निकट उदय सिटी पल्लवपुरम फेज-2, मेरठ पर लगभग 25000 वर्ग गज में अवैध कॉलोनी विकसित की गयी थी, जिसकी सडक, खड़ंजा, साइट आॅफिस व प्लाटिंग के लिए की गयी बाउंड्रीवाल आदि को ध्वस्त कर दिया।
साथ ही पशुचर भूमि पर किये गये अतिक्रमण को भी हटाया गया। प्रवर्तन खंड जोन-डी स्थित थाना भावनपुर क्षेत्रान्तर्गत खसरा संख्या-44, इंड्रस्ट्रीयल एरिया के सामने फार्म हाउस के पास परीक्षितगढ़ पर बिना तलपट मानचित्र पास/बिना सक्षम अधिकार की अनुमति के लगभग-26000 वर्ग गज भूमि पर नव सृजित भूखंडों की बाउंड्रीवाल व दुकानों के भूखंडों का नवसृजन करते हुये मिट्टी भराई के उपरांत खड़ंजे आदि का निर्माण किया जा रहा है, जिसको ध्वस्त कर दिया। ये कॉलोनी दारा सिंह की बतायी गई हैं।

