जनवाणी ब्यूरो |
रुड़की: कारोबारी पर फायरिंग के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों की तलाश को संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है।
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को दूध कारोबारी बंदा रोड निवासी इमरान ने पुलिस को बताया कि 11 नवम्बर को शाम करीब छह बजे भतीजा मौसिन साइकिल पर दूध लेकर जा रहा था।
इस बीच खुशनूद त्यागी और बकासुर कार से आ रहे थे। उन्होंने भतीजे को टक्कर मार दी थी। भतीजे ने विरोध किया तो उन्होंने उसकी मौके पर ही पिटाई की थी। भतीजे ने घर आकर पूरी घटना के बारे में बताया था।
शिकायत लेकर आरोपियों के घर पहुंचने पर उन्होंने हाथापाई का प्रयास किया था। उस वक्त लोगों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। शाम करीब पौने आठ बजे वह घर के अंदर बैठा था। इस बीच सामने वाली छत से आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी थी।
इंस्पेक्टर राजेश साह ने बताया कि कारोबारी पर फायरिंग करने के आरोप में शेखपुरी मस्जिद के पास रुड़की निवासी आकिब उर्फ बकासुर और ढंडेरा निवासी परवेज को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

