- बोर्ड ने जारी किया सर्कुलर 7 सितंबर से ही नौवीं ग्यारहवीं के शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन
- इस वर्ष कोविड़ के चलते बढ़ाई जाएगी ऑब्जेक्टिव प्रश्नों की संख्या
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने वर्ष 2021 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि जारी कर दी है। सीबीएसई द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार यह परीक्षा फॉर्म 7 सितंबर से 15 अक्टूबर तक भरे जाएंगे।
वहीं लेट फीस के साथ विद्यार्थी अपना फॉर्म 16 से 31 अक्टूबर तक भर सकते हैं। वहीं सीबीएसई ने 9वीं और 11वीं कक्षा के रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने की तिथि भी जारी कर दी है।
यह फॉर्म 7 सितंबर से 4 नवंबर तक भरे जाएंगे। बता दें कि बोर्ड की कोविड-19 के चलते बोर्ड की ओर से इस वर्ष कक्षा 9 से 12वीं तक के सिलेबस में 30 प्रतिशत के कटौती की गई है।
यह कटौती केवल सत्र 2020-21 के लिए ही है। उसके बाद छात्रों को पूरा सिलेबस ही पढ़ना होगा। वही बोर्ड की ओर से दो बड़े बदलाव भी किए गए हैं जिसमें अप्लाइड मैथमेटिक्स का एक नया सिलेबस सेकेंडरी लेवल पर मैथ के सिलेबस में जोड़ा गया है दूसरा बोर्ड ने 2021 में होने वाली बोर्ड परीक्षा के क्वेश्चन पेपर में ऑब्जेक्टिव प्रश्नों को 10 फीसदी से बढ़ाकर 20 फीसदी कर दिया है।
सहोदय सचिव राहुल केसरवानी का कहना है कि कोरोना के चलते बोर्ड की ओर से इस वर्ष परीक्षा पैटर्न में कुछ बदलाव किया जा रहा है,जो केवल इसी वर्ष लागू रहेगा। अगले सत्र से पहले की तरह ही छात्रों को सिलेबस पढ़ना पड़ेगा।

