- छोटी उम्र में बड़ा कारनामा करके नाम रोशन किया
जनवाणी संवाददाता |
रोहटा: अंडर 20 जूनियर वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जैनपुर गांव की रूपल चौधरी द्वारा रजत पदक जीतने की खुशी में गांव में गुरुवार को जश्न का माहौल रहा। जिस पर परिजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। गांव में भी रूपल चौधरी की कामयाबी को लेकर हर्ष का माहौल बना रहा और रूपल के घर बधाई देने वालों का दिन भर तांता लगा रहा।
छोटी उम्र में बड़ा कारनामा कर नाम रोशन करने वाली रोहटा ब्लॉक के शाहपुर-जैनपुर गांव की रूपल चौधरी ने भारतीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंडर 20 में 400 मीटर रिले दौड़ में भारत को रजत पदक दिलाकर न सिर्फ देश का सिर ऊंचा किया, बल्कि अपने गांव और जिले का भी नाम रोशन कर परिजनों को वह खुशी दी। रूपल चौधरी के परिजनों में कामयाबी को लेकर जश्न का माहौल बना हुआ है।

गुरुवार को भी रूपल चौधरी के घर पर खुशी मनाई गई। एक-दूसरे को परिजनों ने मिठाई खिलाई तो वह गांव में मिठाई बांटी गई। रूपल चौधरी के घर पर खुशी के चलते बधाई देने वाले ग्रामीणों का दिन भर तांता लगा रहा है। कई क्षेत्रीय नेता और ग्रामीण भी रूपल चौधरी के घर देखे गए।
रूपल चौधरी के पिता ओमवीर सिंह किसान है, उनका बेटा संदीप चौधरी है, जोकि उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद पर है। रूपल चौधरी की मां ममता चौधरी एक गृहिणी हैं और बेटी की खुशी पर फूले नहीं समा रही हैं। उनका कहना है मेरी बेटी शुरू से ही खेल के प्रति दिलचस्पी लेती थी और उसका सपना देश का नाम ऊंचा करने का था। जिसे उसने आज तक कर दिखाया।

पिता ने भी कहा कि मेरी बेटी ने वह कर दिखाया जो हर पिता का सपना होता है। साधारण और दूरदराज के गांव में शाहपुर-जैनपुर गांव में एक साधारण किसान पारंपरिक गांव है। रूपल चौधरी कक्षा 12वीं की स्टूडेंट है। महज 17 साल की उम्र में रूपल चौधरी ने छोटा नाम बड़ा कारनामा कर दिखाया। इस मौके पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों पूर्व विधायक जितेंद्र सतवाई, विधायक गुलाम मोहम्मद, पूर्व ब्लाक प्रमुख विजेंद्र सिंह, मौजूदा ब्लाक प्रमुख बॉबी अन्य क्षेत्रीय नेताओं ने रूपल चौधरी की कामयाबी पर हर्ष जताया।
देश और दुनिया में फिर बजा रोहटा ब्लॉक का डंका
रोहटा ब्लॉक जिले में देश और दुनिया में नाम रोशन करने वालों खिलाड़ियों से एक बार फिर खासी चर्चा में है। पहले कलीना के सौरभ चौधरी ने देश और दुनिया में अपने नाम का डंका बजवाकर रोहटा ब्लॉक कर नाम रोशन किया था। महज 16 वर्ष की उम्र में सौरभ चौधरी ने अपने नाम का डंका बनवाया था तो वहीं अब महज 17 साल की रूपल चौधरी ने भी रोहटा ब्लॉक का नाम रोशन करके देश और दुनिया जगत में नाम रोशन किया है। इससे फिर अपने आप में रोहटा ब्लॉक जिले में अव्वल साबित रहा है।

