- सैंट फ्रांसिस चर्च में फादर ने कराई विशेष प्रार्थना सभा
- इसाई लोगों ने एक दूसरे को दी क्रिसमस की बधाई
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: प्रभु यीशु का जन्मदिन शनिवार को क्रिसमस डे के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर इसाई लोगों ने प्रभु यीशू के जन्म की खुशियां मनाई। शहर के सैंट फ्रांसिस स्कूल चर्च में फादर बिजु ने विशेष प्रार्थना कराई जिसमें स्कूल के साथ जनपद व आसपास के लोगों ने पहुंचकर प्रार्थना में भाग लिया।

विशेष प्रार्थना के बाद केक काटकर क्रिसमस का त्यौहार मनाया गया। चर्च को रंग-बिरंगी लाइटों से सुंदर एवं आकर्षक ढंग से सजाया गया था। क्रिसमस डे को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। परिवार के बड़े सदस्यों द्वारा सांता क्लाज की ड्रेस पहनकर बच्चों को उपहार, टाफियां, चाकलेट बांटी। बच्चों ने क्रिसमस ट्री को सुंदर एवं आकर्षक ढंग से सजाकर उस पर रंग-बिरंगी लाइटें भी लगाई। ईसाई समाज के लोगों ने भगवान यीशू से विश्व में आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की प्रार्थना की।

